Moradabad News : भरभराकर गिरी प्राचीन काली माता मंदिर की दीवार, जान बचाकर भागे लोग, बिजली गुल
दीवार के सहारे खड़े दूध विक्रेता ने भाग कर बचाई जान, बाइक व दूध के बर्तन दीवार के नीचे दबे
मुरादाबाद में लगातार हो रही बारिश से मंगलवार को लालबाग स्थित प्राचीन काली माता मंदिर की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में एक दूध विक्रेता बाल-बाल बच गया, जबकि उसकी बाइक मलबे में दब गई। खंभा टूटने से बिजली गुल रही।
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में दो दिन से हो रही भारी बारिश जन जीवन पर भारी पड़ रही है। मंगलवार को मुगलपुरा क्षेत्र स्थित लालबाग काली माता मंदिर परिसर में बड़ा हादसा होने से बच गया। बारिश के कारण मंदिर की एक पुरानी दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। दीवार के सहारे खड़े दूध विक्रेता ने भाग कर जान बचाई। बाइक और दूध के बर्तन गिरे दीवार की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि जान बच गई।
सैकड़ों वर्ष पुरानी काली माता मंदिर की दीवार बनवाने के लिए मंदिर प्रबंधन ने नगर निगम को प्रार्थना पत्र दिया था। लेकिन यह मजबूती से नहीं बनी जिसके चलते मंगलवार को काली माता मंदिर की दीवार गिर गई , जिसकी चपेट में आकर पास में लगा बिजली का खंभा भी बीच से टूटकर दो टुकड़े हो गए। बालाजी मंदिर के पुजारी राजीव शर्मा ने बताया कि काला माता में हजारों भक्तों की आस्था है लेकिन बारिश के चलते भक्तों की संख्या कम रही। गनीमत रही कि घटना के समय वहां भक्तों की बाइक और लोग खड़े होते हैं लेकिन वहां ऐसा कुछ नहीं था नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। मंदिर के सामने से गुजरने वाला मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सड़क पर मलबा और टूटा हुआ खंभे पड़े होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। स्थानीय पुलिस, नगर निगम और विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। विद्युत विभाग के कर्मचारी टूटे खंभे को हटाकर नया खंभा लगाने की तैयारी में जुट गए। लालबाग में जर्जर और पुराने भवनों की संख्या अधिक है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से ऐसे भवनों और दीवारों का सर्वे कराने की मांग की है। फिलहाल इलाके की बिजली आपूर्ति शाम चार बजे वैकल्पिक व्यवस्था से चालू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें - Rampur News : संविधान बचाने की लड़ाई गांव-गांव तक पहुंचाएं कार्यकर्ता: राजेंद्र पाल गौतम
