बाराबंकी के खाटू श्याम मंदिर में फिर बड़ी चोरी: CCTV में कैद हुए दो चोर, दानपात्र तोड़कर करीब 5 लाख की नगदी और सामान ले उड़े

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

चार महीने पहले हुई चोरी के बाद एक बार फिर सतरिख क्षेत्र के मंजीठा स्थित खाटू श्याम मंदिर को निशाना बनाया गया। घटना CCTV में कैद हुई, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में स्थित सतरिख थाना क्षेत्र के मंजीठा गांव के खाटू श्याम मंदिर में एक बार फिर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के गर्भगृह के सामने बने दानपात्र को निशाना बनाते हुए उसकी खिड़की तोड़ दी और उसमें रखी नगदी के साथ अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, चोरी गए नकद और सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी जा रही है।

गुरुवार सुबह मंदिर खुलने पर दानपात्र टूटा मिला, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई और इलाके में हड़कंप मच गया।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों में चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के अनुसार, रात करीब 1:12 बजे दो अज्ञात युवक मंदिर के गर्भगृह की ओर जाते दिखाई देते हैं।

दोनों आरोपियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। फुटेज में वे कुछ समय तक मंदिर के अंदर रहते हैं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो जाते हैं।

दानपात्र तोड़कर ले गए नगदी और सामान

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्य प्रतिमा के सामने स्थायी दानपात्र रखा गया है, जिसमें श्रद्धालु दान राशि जमा करते हैं। चोरों ने इसी दानपात्र की खिड़की तोड़कर उसके अंदर रखी नकदी और अन्य कीमती सामान निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही सतरिख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

चार महीने पहले भी हुआ था बड़ा हाथ

यह पहली बार नहीं है जब इस मंदिर को निशाना बनाया गया हो। करीब चार महीने पहले भी इसी खाटू श्याम मंदिर में चोरी की बड़ी घटना हुई थी।

लगातार दूसरी बार मंदिर में चोरी होने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः बाराबंकी में सपा का जोरदार प्रदर्शन: अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में छाया चौराहा जाम, ‘रिहा करो’ और ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के लगे नारे

संबंधित समाचार