FIH Youth Hockey5 Asia Cup: भारतीय सब-जूनियर टीमों का दमदार प्रदर्शन, लड़कों ने पाकिस्तान-ओमान को हराया, लड़कियों ने उजबेकिस्तान को 16-0 से रौंदा

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

एफआईएच युवा हॉकी5 एशियाई चैम्पियनशिप में भारतीय लड़कों की टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जबकि लड़कियों की टीम ने चीन से ड्रॉ खेलने के बाद उजबेकिस्तान पर बड़ी जीत हासिल की।

मस्कट: एफआईएच युवा हॉकी5 एशियाई चैम्पियनशिप में भारतीय सब-जूनियर हॉकी टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना विजयी अभियान जारी रखा। केतन कुशवाहा की कप्तानी वाली भारतीय लड़कों की टीम ने पहले पाकिस्तान और फिर ओमान को हराकर लगातार दो जीत दर्ज की। वहीं, भारतीय लड़कियों की टीम ने चीन के खिलाफ मुकाबला 2-2 से ड्रॉ खेला और उजबेकिस्तान को 16-0 से करारी शिकस्त दी।

ओमान के खिलाफ भारत की 14-0 से बड़ी जीत

भारतीय लड़कों की टीम ने ओमान के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 14-0 से जीत दर्ज की। कप्तान केतन कुशवाहा ने चार गोल दागे, जबकि आशीष तानी पूर्ति ने शानदार हैट्रिक लगाई।

इसके अलावा राहुल यादव और शाहरूख अली ने दो-दो गोल किए। प्रहलाद राजभर, करण गौतम और रोमित पाल ने भी एक-एक गोल कर जीत में योगदान दिया।

पाकिस्तान को 7-4 से हराया

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 7-4 से मुकाबला अपने नाम किया। करण गौतम ने तीन गोल कर जीत के नायक बने।

भारत की ओर से राहुल यादव, प्रहलाद राजभर, केतन कुशवाहा और रोमित पाल ने एक-एक गोल किया। पाकिस्तान के लिए असलम मुहम्मद फरहान और आदिल ने एक-एक, जबकि उस्मान मुहम्मद ने दो गोल किए।

लड़कियों ने चीन से ड्रॉ, उजबेकिस्तान पर बरसाए 16 गोल

भारतीय सब-जूनियर लड़कियों की टीम ने चीन के खिलाफ मुकाबला 2-2 से बराबरी पर समाप्त किया। भारत की ओर से दोनों गोल नौशीन नाज ने किए, जबकि चीन के लिए चेन गि और जियाशिन गुओ ने गोल दागे।

इसके बाद उजबेकिस्तान के खिलाफ भारत ने 16-0 की शानदार जीत दर्ज की। नौशीन नाज ने चार गोल किए, जबकि संदीपा कुमारी और कप्तान स्वीटी कुजूर ने तीन-तीन गोल दागे। दिया और पुष्पा ने दो-दो गोल किए, जबकि किरण इक्का और नीलम टोप्नो ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया।

विश्व कप क्वालीफायर भी है टूर्नामेंट

एफआईएच युवा हॉकी5 एशियाई चैम्पियनशिप पहले एफआईएच हॉकी5 विश्व कप के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी है। ऐसे में भारतीय टीमों का यह प्रदर्शन विश्व कप की दौड़ में काफी अहम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः IND vs ZIM: ‘खुद पर संदेह होता है तो नेहरा सर के पास जाता हूं’, टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा का बड़ा खुलासा

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज