Jauhar University : जौहर यूनिवर्सिटी विवाद पर शशि थरूर का बड़ा बयान, कहा- इमारतें गिराने का फैसला विवेकहीन, सरकार दूसरा रास्ता अपनाए

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को ध्वस्त करने के आदेश को विवेकहीन बताया। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण में अनियमितता है तो सरकार जुर्माना या अन्य कानूनी कार्रवाई करे, लेकिन उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान को नष्ट न करे।

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को ध्वस्त करने के आदेश पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस फैसले को "विवेकहीन" बताते हुए कहा कि यदि निर्माण में अनियमितता हुई है तो सरकार अन्य कानूनी विकल्प अपनाए, लेकिन राज्य के लिए महत्वपूर्ण एक सक्रिय शिक्षण संस्थान को नष्ट नहीं किया जाना चाहिए।

जौहर विश्वविद्यालय पर बुलडोजर कार्रवाई पर उठाए सवाल

रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान द्वारा स्थापित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को ध्वस्त करने का आदेश दिया है। प्राधिकरण का कहना है कि इन भवनों का निर्माण स्वीकृत भवन मानचित्र के बिना किया गया। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन का तर्क है कि जब इन इमारतों का निर्माण हुआ था, उस समय यह क्षेत्र रामपुर विकास प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में शामिल नहीं था। आरडीए ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया।

शशि थरूर बोले- विश्वविद्यालय को नष्ट न करें

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि उत्तर प्रदेश पहले से ही उच्च शिक्षा के अच्छे संस्थानों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की 40 में से 38 इमारतों को गिराने का फैसला विवेकहीन है। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण अवैध पाया गया है तो सरकार जुर्माना लगाए, अन्य दंडात्मक कार्रवाई करे या विश्वविद्यालय को अपने नियंत्रण में ले ले, लेकिन एक सक्रिय विश्वविद्यालय को ध्वस्त नहीं किया जाना चाहिए।

विश्वविद्यालय का पक्ष

विश्वविद्यालय का कहना है कि जिन भवनों को लेकर कार्रवाई की जा रही है, उनके निर्माण के समय संबंधित क्षेत्र रामपुर विकास प्राधिकरण की सीमा में नहीं आता था। इसके बावजूद प्राधिकरण ने इस दलील को खारिज करते हुए ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया है।

संबंधित समाचार