असम में बाढ़ का कहर: 21 और लोगों की मौत, 5.65 लाख से अधिक लोग प्रभावित

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

शिवसागर सबसे ज्यादा प्रभावित, सेना और राहत एजेंसियों ने 6 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला

गुवाहाटी। असम में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। राज्य में बुधवार को बाढ़ के पानी में डूबने से 21 और लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 5.65 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इसके साथ ही इस साल राज्य में बाढ़ से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के 12 जिलों में बाढ़ का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। इनमें विश्वनाथ, चराइदेव, धेमाजी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, जोरहाट, कामरूप, कामरूप महानगर, कार्बी आंगलोंग, नागांव, शिवसागर और तिनसुकिया जिले शामिल हैं।

शिवसागर में सबसे अधिक मौतें, 13 लोगों की गई जान

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में शिवसागर जिले में बाढ़ के पानी में डूबने से 13 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में चार महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा चराइदेव में दो बच्चों समेत पांच लोगों, गोलाघाट में दो लोगों और जोरहाट में एक महिला की मौत हुई है।

शिवसागर में 3.6 लाख लोग प्रभावित

बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित शिवसागर जिला है, जहां करीब 3.6 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। इसके बाद जोरहाट में लगभग 88 हजार और चराइदेव में 72,500 से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। प्रशासन के अनुसार, राज्य में बाढ़ की स्थिति सोमवार रात की तुलना में और खराब हुई है। सोमवार तक जहां करीब 3.63 लाख लोग प्रभावित थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 5.65 लाख के पार पहुंच गई है।

आईएमडी ने जारी किया येलो अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने असम के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले चार दिनों तक कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

राहत और बचाव अभियान तेज

बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं, पुलिस और अन्य एजेंसियों की टीमों ने चराइदेव, गोलाघाट, जोरहाट और शिवसागर के कई इलाकों से 6,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए अभियान तेज कर दिया है।

ये भी पढ़ें : 
दिल्ली में 16 मेट्रो स्टेशन बंद, यात्रियों को भारी परेशानी; केजरीवाल बोले- सभी स्टेशन बंद कर देंगे तब भी युवा पहुंचेंगे

 

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

AISHE Report 2023-24: पहली बार घटी UG एडमिशन की संख्या, जानिए क्यों बदल रहा है छात्रों का रुझान और क्या हैं इसके संकेत
Bahraich News : अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध के बाद सपा नेताओं पर कार्रवाई, राम जी यादव और लक्ष्मीनारायण यादव हाउस अरेस्ट
सीएम योगी का गोरखपुर दौरा: बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित, चुनावी तैयारियों पर रहेगा फोकस
Bahraich News : भाजपा ने सातों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, 2027 चुनाव की रणनीति पर मंथन
Rahul Gandhi PC: 'छात्रों पर लाठीचार्ज क्यों?', शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक को लेकर सरकार पर राहुल गांधी का बड़ा हमला