Hardoi News : होशियारपुर से गांव लौटे युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने दोस्त पर जबरन जहरीली शराब पिलाने का लगाया आरोप
हरदोई में पंजाब से लौटे 18 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने गांव के एक युवक पर जबरन जहरीली शराब पिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
हरदोई। हरदोई जिले में पंजाब से लौटे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक दोस्त ने युवक को जबरन जहरीली शराब पिला दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब से दोस्त के साथ गांव लौटा था युवक
टड़ियावां थाना क्षेत्र के बांधा मजरा भड़ायल निवासी सर्वेश पंजाब के होशियारपुर जिले के जंडौर क्षेत्र में मजदूरी करते हैं। करीब चार महीने पहले उनका 18 वर्षीय बेटा अक्षय कुमार भी उनके पास पंजाब चला गया था। अक्षय के छोटे भाई रजनीकांत के अनुसार, करीब 15 दिन पहले उनके पिता गांव लौट आए थे। इसके बाद 17 जुलाई को अक्षय अपने गांव के ही दोस्त उदयराज के साथ पंजाब से रवाना हुआ और 19 जुलाई को गांव पहुंचा।
गांव पहुंचते ही बिगड़ी तबीयत
परिजनों के मुताबिक, गांव पहुंचने के कुछ ही समय बाद अक्षय की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे पहले नीर गांव के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
मंगलवार को गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप- दोस्त ने जबरन पिलाई जहरीली शराब
मृतक के भाई रजनीकांत ने आरोप लगाया कि गांव के ही दोस्त उदयराज ने अक्षय को जबरन जहरीली शराब पिलाई थी। इसी वजह से उसकी तबीयत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई। अक्षय दो भाइयों में बड़ा था और उसकी चार बहनें हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
