बरेली में भीषण सड़क हादसा : स्कॉर्पियो और DCM की आमने-सामने टक्कर, एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत, 2 घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई

यूपी के बरेली (नवाबगंज) में स्कॉर्पियो और DCM की आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हैं।

बरेली, अमृत विचार। बरेली जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नवाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत इनायतपुर में निर्माणाधीन हाईवे पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और DCM (कैंटर) की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस भयानक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है।

पीलीभीत से लुधियाना जा रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार पांचों लोग पीलीभीत से पंजाब के लुधियाना जा रहे थे। मृतकों की पहचान लखीमपुर खीरी के पलिया निवासी मुकंद सिंह की पत्नी भूपेंद्र कौर, पंजाब के फतेहगढ़ निवासी हरजीत सिंह (60 वर्ष) और लुधियाना के माछीवाड़ा निवासी संतोख सिंह (65 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुकंद सिंह अपनी पत्नी भूपेंद्र कौर और रिश्तेदार संतोख सिंह, लाडी सिंह व हरजीत सिंह के साथ स्कॉर्पियो से पंजाब के लिए निकले थे। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे उनकी गाड़ी जैसे ही इनायतपुर पहुंची, सामने से आ रहे कैंटर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में भूपेंद्र कौर, हरजीत सिंह और संतोख सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे में स्कॉर्पियो चालक मुकंद सिंह सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जबकि लाडी सिंह और मुकंद सिंह घायल हुए हैं। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को पास के सीएचसी (CHC) पहुंचाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया।

नवाबगंज थाना प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। इसके साथ ही टक्कर मारने वाले DCM को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार