Hardoi News : हरदोई में जलभराव के विरोध में सड़क पर धान की रोपाई, सपा नेता ने कीचड़ में गाड़े भाजपा के झंडे
हरदोई में जलभराव और जर्जर सड़कों के विरोध में सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने नघेटा रोड पर धान की रोपाई कर और कीचड़ में भाजपा के झंडे गाड़कर प्रदर्शन किया। उन्होंने नगर पालिका पर जल निकासी और सड़क मरम्मत में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
हरदोई। नगर की बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने नघेटा रोड पर सड़क के बीच धान की रोपाई की और कीचड़ में भाजपा के झंडे गाड़कर नगर पालिका व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
रामज्ञान गुप्ता ने आरोप लगाया कि हल्की बारिश होते ही हरदोई की सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या के समाधान के बजाय केवल दावे करते हैं। उन्होंने कहा कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से हर साल लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने बताया कि नघेटा रोड के अलावा मेडिकल कॉलेज, आरआर इंटर कॉलेज, बाल विद्या भवन, मन्ना पुरवा के पास लखनऊ मार्ग, बिलग्राम चुंगी, मंगली पुरवा, गंगा देवी कॉलेज रोड और बिलग्राम रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इससे छात्रों, मरीजों, व्यापारियों और आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।

सपा नेता ने आरोप लगाया कि जल निकासी के लिए मिलने वाले बजट का सही उपयोग नहीं किया गया, जिसके कारण शहर की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद सड़कें कीचड़ और गंदे पानी से भर जाती हैं तथा जगह-जगह बने गहरे गड्ढों से हादसों का खतरा बना रहता है।
प्रदर्शन के दौरान रामज्ञान गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क मरम्मत और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने भी नगर की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष सुधीर गुप्ता 'मिन्ना', अवनीश यादव, धर्मेंद्र यादव 'दीपू', चंद्रप्रकाश गुप्ता, रामदत्त गुप्ता, शुभम गुप्ता, श्याम गुप्ता, दुर्गेश, रिंकू गुप्ता, हरिश्चंद्र, रमेश यादव, विनय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
