बाराबंकी में होटल-रेस्टोरेंट पर छापेमारी : मिलावटी खाद्य सामग्री नष्ट, प्रशासन की कार्रवाई से मचा हड़कंप
बाराबंकी, अमृत विचार। जिले के बदोसराय कस्बे में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा, राजस्व और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत मिली कई खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इस अभियान से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम अनिल कुमार सरोज के निर्देश पर चलाए गए अभियान में फूड इंस्पेक्टर भगवती प्रसाद नायक, नायब तहसीलदार दिनेश पांडे और पूर्ति निरीक्षक सुनील कुमार शामिल रहे।
जांच में क्या मिला?
निरीक्षण के दौरान टीम को कई प्रतिष्ठानों पर चटनी, सिरका, ठंडा पेय, गुथा हुआ आटा और मिठाई सहित कई खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिले। अधिकारियों ने इन्हें तत्काल नष्ट कराते हुए संचालकों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
संचालकों को दिए गए ये निर्देश
फूड इंस्पेक्टर भगवती प्रसाद नायक ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को—
- परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने,
- खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने,
- खाद्य सामग्री को ढककर रखने,
- केवल शुद्ध और मानक के अनुरूप खाद्य पदार्थ बेचने,
- तथा खाने-पीने की वस्तुओं में पेपर या अखबारी कागज का उपयोग न करने के निर्देश दिए गए।
लोगों ने की कार्रवाई की सराहना
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों में हलचल रही, वहीं स्थानीय लोगों ने खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए गए अभियान की सराहना की। अधिकारियों ने संकेत दिए कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
