Share Market Today: कच्चा तेल सस्ता होते ही शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 287 अंक चढ़ा; निफ्टी भी 115 अंक मजबूत
दिनभर दबाव में रहने के बाद आखिरी दौर की खरीदारी से बाजार ने बदली चाल; सेंसेक्स 77,656 और निफ्टी 24,334 के स्तर पर बंद
मुंबईः घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को कारोबार के आखिरी चरण में हुई जोरदार खरीदारी से तेजी लौट आई। कच्चे तेल की कीमतों में करीब 3 फीसदी की गिरावट और निवेशकों की लिवाली के दम पर बीएसई सेंसेक्स 286.98 अंक यानी 0.37 प्रतिशत बढ़कर 77,656.09 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 115.50 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,334.55 अंक पर पहुंच गया।
हालांकि, बाजार में ज्यादातर समय कमजोरी बनी रही। सेंसेक्स कारोबार के दौरान 77,125.91 अंक के निचले स्तर तक गया, जबकि ऊपरी स्तर पर यह 77,666.39 अंक तक पहुंचा। यानी दिन के दौरान सूचकांक में 243.2 अंक का उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
आखिरी घंटे की खरीदारी ने बदला बाजार का रुख
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दबाव में थे, लेकिन कारोबार समाप्त होने से पहले निवेशकों ने चुनिंदा शेयरों में खरीदारी बढ़ा दी। इसके चलते दोनों प्रमुख सूचकांकों ने निचले स्तरों से शानदार वापसी की।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, अदाणी पोर्ट्स, इन्फोसिस, ट्रेंट, टाइटन और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर प्रमुख लाभ में रहे। दूसरी ओर इटर्नल, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड और बजाज फिनसर्व के शेयरों में गिरावट रही।
ब्रेंट क्रूड करीब 3 फीसदी टूटा
बाजार को सबसे बड़ा सहारा कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी से मिला। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब 3 प्रतिशत गिरकर 89.32 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर के मुताबिक, ईरान पर अमेरिका की अपेक्षित पाबंदियां बाजार की आशंका के मुकाबले कड़ी नहीं रहीं। इससे कच्चे तेल की कीमतों और बॉन्ड यील्ड में हालिया ऊंचाई से नरमी आई।
ऊर्जा लागत में राहत से बाजार की धारणा को भी सहारा मिला और मासिक वायदा एवं विकल्प सौदों की समाप्ति के दिन प्रमुख सूचकांक सकारात्मक स्तर पर बंद होने में सफल रहे।
एशियाई बाजारों में भी मिला-जुला रुख
एशिया के प्रमुख बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं हांगकांग का हैंग सेंग मामूली गिरावट में रहा।
यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार के दौरान तेजी का रुख देखने को मिला। इससे पहले अमेरिकी बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
एफआईआई ने की 1,181 करोड़ रुपये की खरीदारी
विदेशी निवेशकों की गतिविधियां भी बाजार के लिए सकारात्मक रहीं। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने सोमवार को 1,181.66 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।
इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 171.72 अंक गिरकर 77,369.11 अंक पर और निफ्टी 32.95 अंक की गिरावट के साथ 24,219.05 अंक पर बंद हुआ था।
यह भी पढ़ेंः चीनी की कीमतों में उछाल के बीच मोदी सरकार का बड़ा फैसला, कच्ची चीनी के इम्पोर्ट के नियम बदले
