Raksha Bandhan 2026 : रक्षाबंधन पर सजा राखी बाजार, कोलकाता और अहमदाबाद की राखियां बनीं लोगों की पसंद, 10 से 600 रुपये तक के दाम
भाई की कलाई पर सजेगी ‘कृष्ण-मोर’ वाली राखी, लाइट और कार्टून कैरेक्टर भी हिट
रक्षाबंधन से पहले प्रतापगढ़ के बाजार राखियों से सज गए हैं। कोलकाता और अहमदाबाद की डिजाइनर राखियों के साथ बच्चों के लिए कार्टून, लाइट, कृष्ण और मोर डिजाइन वाली राखियां पसंद की जा रही हैं। बाजार में 10 से 600 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं।
प्रतापगढ़, अमृत विचार : रक्षाबंधन पर्व को लेकर जिले के बाजारों में राखियों की दुकानें सज गई हैं। शहर के साथ ही तहसील क्षेत्रों में सड़क किनारे अस्थायी काउंटर और दुकानें लगाकर राखियों की बिक्री की जा रही है। बाजार में कोलकाता और अहमदाबाद से आईं डिजाइनर राखियां लोगों को खूब पसंद आ रही हैं।
वहीं बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर और लाइट वाली स्पेशल राखियां भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। शहर के सिविल लाइंस, बाबागंज, पंजाबी मार्केट, चिलबिला और भरत चौक के अलावा कुंडा, रानीगंज, पट्टी और लालगंज के प्रमुख बाजारों में राखियों की दुकानें सजी हैं। इन दुकानों पर कोलकाता, अहमदाबाद, वाराणसी और प्रयागराज की उत्पादन इकाइयों से तैयार होकर आईं राखियां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

रुद्राक्ष, रंगीन धागे और कपड़े की कढ़ाई से तैयार राखियों के साथ ही जरी और स्टोन वाली राखियों की भी मांग है। बच्चों के लिए डोनाल्ड डक, मिकी माउस, स्पाइडर मैन समेत कई कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां बाजार में आई हैं। इसके अलावा लाइट वाली राखी, कृष्ण की राखी और मोर की डिजाइन वाली राखियां भी बच्चों को आकर्षित कर रही हैं।
इस बार बदली ग्राहकों की पसंद
दुकानदारों के मुताबिक पहले रुद्राक्ष वाली राखियों की मांग अधिक थी, लेकिन इस बार अलग-अलग डिजाइन और वैरायटी की राखियों को ग्राहक पसंद कर रहे हैं। बाजार में 10 रुपये से लेकर 600 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। दुकानदार जगन्नाथ गुप्ता ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व की शुरुआत हो चुकी है और ग्राहकों का रुझान अच्छा है। अभी बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि दुकान पर जरी, स्टोन, लाइट, कृष्ण और मोर डिजाइन समेत कई तरह की राखियां उपलब्ध हैं। सभी प्रकार की राखियों की मांग है और आने वाले दिनों में कारोबार और बेहतर होने की संभावना है। गैर राज्यों और बड़े शहरों में नौकरी करने वाले भाइयों को डाक से राखी भेजने के लिए बहनों ने भी खरीदारी शुरू कर दी है। शाम होते ही राखी की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ रही है। दुकानदारों को रक्षाबंधन तक बिक्री में और तेजी आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ेंः CM योगी ने 3,572 नव चयनित अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति-पत्र, कहा- युवाओं को नई उड़ान देना सरकार की प्राथमिकता
