Bareilly Airport: इंडिगो के बाद अब अकासा भी भरेगी उड़ान, कई नए शहरों से जुड़ेगा बरेली
प्रशासन की नजर लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और कुशीनगर के साथ गोवा, श्रीनगर, देहरादून, हैदराबाद, गुवाहाटी और जयपुर जैसे शहरों पर
बरेली, अमृत विचार : बरेली एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ा है। इंडिगो के बाद अब अकासा एयर ने भी बरेली से उड़ानें शुरू करने में रुचि दिखाई है। एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस के बीच नए रूट को लेकर चल रही बातचीत में अकासा का प्रस्ताव सामने आया है।
संभावित यात्री संख्या, एयर ट्रैफिक और संबंधित हवाई अड्डों पर स्लॉट की उपलब्धता का आकलन किया जा रहा है। प्रक्रिया आगे बढ़ी तो सर्दियों के शेड्यूल में बरेली से कई नए शहरों के लिए उड़ान शुरू होने की उम्मीद है।
हवाई अड्डा निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि बरेली से नए शहरों को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए एयरलाइंस के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। अकासा एयर ने भी बरेली से सेवा शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने बताया कि अंतिम निर्णय संबंधित एयरपोर्ट पर स्लॉट और जरूरी मंजूरियों की उपलब्धता के बाद होगा।
प्रशासन की नजर लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और कुशीनगर के साथ गोवा, श्रीनगर, देहरादून, हैदराबाद, गुवाहाटी और जयपुर जैसे शहरों पर है। इन रूटों पर यात्रियों की संभावित संख्या और हवाई यातायात का अध्ययन किया जा रहा है। उड़ानें शुरू होने पर कारोबार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के सिलसिले में आने-जाने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
बोइंग बी-737 से सेवा की तैयारी
अकासा एयर की ओर से प्रस्तावित सेवा के लिए बोइंग बी-737 विमान के इस्तेमाल की तैयारी बताई गई है। हालांकि उड़ान का अंतिम रूट और समय स्लॉट तथा अन्य आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद ही तय होगा। वर्तमान में बरेली एयरपोर्ट से बंगलूरू, नवी मुंबई, दिल्ली और नोएडा के लिए हवाई कनेक्टिविटी है। अब एयरपोर्ट प्रशासन इन सेवाओं का दायरा बढ़ाने में जुटा है। नए रूट खुलने से बरेली के अलावा पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को भी फायदा होगा।
पार्किंग और टैक्सी-वे की क्षमता भी बढ़ेगी
हवाई सेवाओं के विस्तार के साथ एयरपोर्ट की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की तैयारी है। अतिरिक्त एयरक्राफ्ट पार्किंग और टैक्सी-वे के लिए काम प्रस्तावित है। विस्तार के लिए 23.55 एकड़ भूमि का अधिग्रहण पहले ही किया जा चुका है। एयरपोर्ट निदेशक के मुताबिक ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी के अधिकारियों से भी समन्वय किया गया है, ताकि नई एयरलाइंस और संभावित रूटों को लेकर जरूरी तैयारियां समय से पूरी की जा सकें।
