Barabanki News: चौकीदार पर लाठी-डंडों से हमला, इलाज के दौरान मौत; पुलिस ने हत्या का मुकदमा किया दर्ज 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में लाठी-डंडों से हमले में घायल 52 वर्षीय चौकीदार राजेश यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।

बाराबंकी, अमृत विचार। रामनगर थाना क्षेत्र के भरसंवा गांव में मंगलवार रात लाठी-डंडों से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल 52 वर्षीय ग्राम चौकीदार राजेश यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

घर लौटते समय रास्ते में हमला

Barabanki (1)

जानकारी के मुताबिक, भरसंवा गांव निवासी राजेश यादव गांव में चौकीदार के रूप में तैनात थे। मंगलवार रात वह घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी रामनगर ले गई। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान राजेश यादव की मौत हो गई।

तीन संदिग्ध हिरासत में

घटना के बाद पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मामले में सरवन पुत्र देशराज, शुभम, बाबू पुत्र कैलाश, कैलाश की पत्नी, रामू और रामसहारे के नाम सामने आए हैं। घटना में इनकी भूमिका की जांच की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट को लेकर विवाद हुआ था। वहीं घटना वाली रात एक होटल पर शराब के नशे में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ने की बात भी सामने आई है।

शराब के नशे में विवाद की बात सामने आई

Barabanki

रामनगर कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया शराब के नशे में मारपीट की बात सामने आई है। हालांकि, पुरानी रंजिश की बात की अभी पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के साथ घटना के कारण और हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी पता की जा रही है।

ये भी पढ़े : 
बहराइच में पुलिस का एक्शन: 583 ग्राम चरस बरामद, बाइक सवार युवक गिरफ्तार

संबंधित समाचार