Barabanki News: ‘आंदोलन में सिपाही मत बनिए, पढ़ाई-रोजगार पर ध्यान दें’, वसीम राईन का छात्रों से आह्वान
पसमांदा मुस्लिम महाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने छात्र आंदोलनों को लेकर युवाओं से अपील की कि वे आंदोलन में सिपाही न बनें और पढ़ाई, रोजगार व कारोबार पर ध्यान दें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की भी सराहना की।
बाराबंकी, अमृत विचार। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने छात्र आंदोलनों को लेकर युवाओं से सड़कों पर उतरने के बजाय पढ़ाई, रोजगार और कारोबार पर ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को किसी के बहकावे में आकर आंदोलन का हिस्सा नहीं बनना चाहिए। उनके इस बयान को लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
‘आंदोलन में सिपाही मत बनिए’
वसीम राईन ने कहा कि इतिहास गवाह है कि किसी भी आंदोलन में आम प्रदर्शनकारी आगे रहता है, जबकि उसका फायदा दूसरे लोग उठाते हैं। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “आंदोलन में सिपाही मत बनिए” और अपने भविष्य पर ध्यान दें। उन्होंने अन्ना आंदोलन से लेकर अब तक हुए विभिन्न आंदोलनों का जिक्र करते हुए दावा किया कि आम प्रदर्शनकारी बाद में हाशिए पर चले जाते हैं और दूसरे लोग उसका राजनीतिक लाभ उठाते हैं।
‘पढ़ाई, रोजगार और कारोबार पर दें ध्यान’
वसीम राईन ने छात्रों और युवाओं से अपील की कि वे किसी के बहकावे में आकर सड़कों पर अपना भविष्य बर्बाद न करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी पढ़ाई पूरी करने के साथ रोजगार और कारोबार पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और उन्हें नकारात्मक राजनीति या आंदोलनों के बजाय अपने भविष्य को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों की तारीफ
ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की भी तारीफ की। उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद नरेंद्र मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने लाल किले से लेकर पार्टी मंचों तक पसमांदा मुसलमानों के विकास और अधिकारों की बात की। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार में पसमांदा समाज को बिना भेदभाव के आवास समेत विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
तारिक मंसूर के भाजपा की नई टीम में शामिल होने पर स्वागत
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति और एमएलसी प्रोफेसर तारिक मंसूर को भाजपा की नई केंद्रीय टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर वसीम राईन ने उनका स्वागत किया। उन्होंने पिछली सरकारों पर मुस्लिम समाज के चुनिंदा वर्गों तक ही योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। कांग्रेस सरकारों को निशाने पर लेते हुए उन्होंने दावा किया कि उस दौर में पसमांदा मुसलमानों की स्थिति खराब रही।
‘इस्लाम देश के प्रति वफादारी सिखाता है’
वसीम राईन ने कहा कि इस्लाम, पैगंबर मोहम्मद और कुरान देश के प्रति वफादारी की सीख देते हैं। उन्होंने युवाओं से देश के नेतृत्व के साथ खड़े होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब भारत वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है, तब युवाओं को देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए और किसी भी तरह के बहकावे में आने से बचना चाहिए।
