दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : कैंटर से टकराई पुलिस की कार, अलीगढ़ के दारोगा की मौत; 4 घायल
दिल्ली से दो आरोपियों को पकड़कर लौट रही थी टीम
दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अलीगढ़ लौट रही मडराक थाने की पुलिस टीम की कार गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कैंटर से टकरा गई। हादसे में दारोगा उपेंद्र सिंह की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मी और दो आरोपी घायल हैं।
गाजियाबाद, अमृत विचार : जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में लालकुआं के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से आरोपियों को पकड़कर लौट रही अलीगढ़ पुलिस की स्विफ्ट कार एक कैंटर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में अलीगढ़ के मडराक थाने में तैनात उपनिरीक्षक (दारोगा) उपेंद्र सिंह की जान चली गई, जबकि दो सिपाही और दो आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दिल्ली से आरोपियों को लेकर लौट रही थी पुलिस टीम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ के मडराक थाने की एक पुलिस टीम दिल्ली में दबिश देने गई थी। इस टीम में उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल नरेंद्र और रिक्रूट कांस्टेबल ऋतिक शामिल थे। टीम ने अपनी कार्रवाई के दौरान दिल्ली से दो आरोपियों- सत्येंद्र (पुत्र जोगेंद्र) और उसके बेटे आशु को गिरफ्तार किया था। दोनों पिता-पुत्र को अपनी स्विफ्ट कार में बैठाकर पुलिस टीम वापस अलीगढ़ की ओर लौट रही थी।
बीकानेर बिल्डिंग के सामने हुआ हादसा
वापसी के दौरान जब उनकी कार गाजियाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र में बीकानेर बिल्डिंग के सामने एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर वह एक कैंटर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में दारोगा ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल हेड कांस्टेबल नरेंद्र, रिक्रूट कांस्टेबल ऋतिक और दोनों गिरफ्तार आरोपियों (सत्येंद्र व आशु) का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस हादसे की आगे की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः India-US Navy Exercise: कोच्चि में भारतीय-अमेरिकी नौसेना का बड़ा संयुक्त अभ्यास, EOD टीमों की बढ़ेगी ताकत
