Rampur News : हैदराबाद में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर स्वार के युवक मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बथुआखेड़ा निवासी फैसल खान निर्माणधीन साइट पर टीन शेड लगा रहा था

रोजी-रोटी कमाने हैदराबाद गए स्वार क्षेत्र के बथुआखेड़ा निवासी युवक की करंट लगने से मौत हो गई। निर्माणाधीन साइट पर वेल्डिंग का काम करते समय वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया था।

स्वार, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव लाड़पुर निकट बथुआखेड़ा निवासी 24 वर्षीय युवक फैसल खान पुत्र असलम खान की तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।

बुधवार देर शाम जब युवक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। देर रात गांव के कब्रिस्तान में गमगीन माहौल में उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।जानकारी के अनुसार फैसल खान हैदराबाद में रहकर वेल्डिंग का काम करता था। रविवार को वह एक निर्माणाधीन साइट पर टीन शेड लगाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह वेल्डिंग के लिए लोहे का एक लंबा एंगल सीधा उठाकर खड़ा कर रहा था। बताया जाता है कि एंगल ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से छू गया, जिससे तेज करंट फैल गया और फैसल उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि वह गंभीर रूप से झुलस गया।

साथ में काम कर रहे मजदूरों और ठेकेदार ने तत्काल उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। कई घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद सोमवार देर रात फैसल ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना ठेकेदार ने स्थानीय हैदराबाद पुलिस को दी। पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बुधवार देर शाम एम्बुलेंस से फैसल का शव उसके पैतृक गांव लाड़पुर पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे तथा शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। देर रात गांव के कब्रिस्तान में नम आंखों के बीच उसका अंतिम संस्कार (सुपुर्द-ए-खाक) किया गया।परिजनों ने बताया कि फैसल का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व स्वार नगर की एक युवती से हुआ था। शादी के बाद बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को निभाने के लिए वह हैदराबाद में रहकर मेहनत-मजदूरी और वेल्डिंग का कार्य कर रहा था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि रोजी-रोटी कमाने गया फैसल इस तरह हमेशा के लिए अपनों से बिछड़ जाएगा।फैसल की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि वह मेहनती, मिलनसार और शांत स्वभाव का युवक था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ये भी पढ़ें - Rampur News : पुलिस मुठभेड़ में गोकशी का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

संबंधित समाचार