Barabanki News : 144 परियोजनाओं की समीक्षा, धीमी प्रगति पर डीएम ने लगाई फटकार, दिए ये निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

20 लाख से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा, बरसात में जल निकासी, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और राजस्व वसूली में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

बाराबंकी के डीएम ईशान प्रताप सिंह ने नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक में 144 विकास परियोजनाओं की प्रगति पर नाराजगी जताई। जलभराव, अतिक्रमण, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, राजस्व वसूली और लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।

बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जनपद के सभी नगर निकायों में संचालित विकास परियोजनाओं, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, जल निकासी, राजस्व वसूली तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

144 परियोजनाओं की समीक्षा, 39 कार्य पूरे

बैठक में 20 लाख रुपये से अधिक लागत वाली 144 परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 39 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष पर कार्य जारी है। विलंबित परियोजनाओं पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को प्रत्येक लंबित परियोजना की कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

बरसात में जलभराव रोकने पर विशेष जोर

बरसात को देखते हुए उन्होंने सभी नगर निकायों को अलर्ट रहने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था, नालों-नालियों की नियमित सफाई तथा जलभराव की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका परिषद और सभी नगर पंचायतों में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों, मार्गों, फुटपाथों व नालियों से अतिक्रमण हटाने तथा अवैध प्लाटिंग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा। राजस्व वसूली में तेजी लाने और लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

इन योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन तथा विनियमित क्षेत्र के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे कराने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी रोक लगाकर जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, अभियंता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार