बृजभूषण सिंह ने रोड शो के जरिए दिखाई ताकत, साधू-संतों का लिया आशिर्वाद, अयोध्या से गोंडा तक गूंजा सत्यमेव जयते
अयोध्या से गोंडा तक निकाला रोड शो, हजारों समर्थक रहे शामिल; महिला पहलवानों के हाईकोर्ट जाने पर भी दिया बयान
यौन उत्पीड़न मामले में बरी होने के बाद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह गोंडा पहुंचे। अयोध्या से गोंडा तक रोड शो निकाला और कहा- 'सत्य की जीत हुई।' महिला पहलवानों के हाईकोर्ट जाने की बात पर भी प्रतिक्रिया दी।
गोंडा, अमृत विचार: यौन उत्पीड़न के आरोपों से बरी होने के बाद गुरुवार को पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह गोंडा वापस लौटे। अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरते ही संतों और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से बृजभूषण सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे और महाबली हनुमान जी आशीर्वाद लिया।
हनुमानगढ़ी से लौटने के बाद उन्होने अयोध्या से गोंडा तक रोड शो कर अपनी ताकत का एहसास कराया। इस रोड शो एक हजार से अधिक गाड़ियां शामिल रहीं। खुली हंटर जीप पर बैठे बृजभूषण शरण सिंह ने अपने समर्थकों का अभिवादन किया। इस दौरान अयोध्या से गोंडा के नंदिनी नगर महाविद्यालय तक सत्यमेव जयते का नारा गूंजता रहा।

रोड शो में गदा लहराते उनके विधायक बेटे प्रतीक भूषण सिंह ने पिता के स्वागत में कहा- अब नेता जी घर वापस आए हैं, लोगों में उत्साह है। ये वही लोग हैं जिनके विश्वास के कारण नेता जी और सब लोगों को पहले दिन से पता था कि हमारी जीत जरूर होगी। सत्य की जीत हुई है। थोड़ा समय लगा। लेकिन ये जीत बहुत अच्छी लग रही है। नंदिनी नगर पहुंचने पर पूर्व सांसद ने सबसे पहले नंदिनी माता के मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की।
इसके बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने खुद को बरी किए जाने पर कहा कि पहले दिन ही मैंने कहा था कि अगर आरोप साबित हुए तो मैं खुद फांसी पर लटक जाऊंगा। वह अहंकार नहीं था। मैं अपने आप को जानता हूं, इसलिए मैंने यह बात कही थी। तमाम बच्चे, संत आत्महत्या कर लेते हैं। तमाम अधिकारी फांसी पर लटक जाते हैं। तमाम राजनेताओं की राजनीति खत्म हो जाती है। तमाम बच्चे जान गंवा देते हैं। जिन लोगों के ऊपर नाजायज केस लगाया जाता है, मुझे उनको संभालने का काम करना है।
3 अगस्त को बृजभूषण सिंह को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने महिला पहलवानों से जुड़े यौन शोषण मामले में बरी किया था। फैसले पर पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने कहा था कि हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है। हाईकोर्ट में फैसले को चुनौती देंगे।

इस पर बृजभूषण सिंह ने कहा कि सुना कि वो लोग हाईकोर्ट जाने वाले हैं। हाईकोर्ट जाएं तो मैं फिर से चर्चा में आ जाऊंगा। राजनीति के लिए तो जरूरी ही है-'चर्चा-पर्चा-खर्चा'। मैं भी चाहता हूं कि मेरी चर्चा तब तक समाप्त न हो, जब तक मेरे हाथ से कोई बड़ा काम नहीं हो जाता। इस दौरान हजारों की संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे।

कॉकरोच पार्टी को आगे कर भाजपा पर वार कर रहे विपक्षी दल
अमृत विचार: पूर्व सांसद ने कहा कि मैंने खुद को कभी अपराधी नहीं माना। विपक्ष के लोग कभी सामने आकर नहीं लड़ते। पिछले 5-10 साल में विपक्ष ने कभी प्रत्यक्ष रूप से कोई बड़ा आंदोलन नहीं किया। कभी महिलाओं को, कभी छात्रों को, कभी खिलाड़ियों को, तो कभी किसानों के पीछे खड़े होकर वार करते थे। हाल के दिनों में तो कॉकरोच पार्टी को आगे करके भाजपा पर वार करने का काम कर रहे हैं। लड़ना है तो खुद डंडा लेकर आमने-सामने आकर लड़ो। लेकिन उसके लिए आपके पास दम नहीं है।
भैंस चराने वाला लड़का सेलिब्रिटी बन गया
बृजभूषण ने कहा जब 3 अगस्त को फैसला आया तो दुनिया के हर देश में इसकी चर्चा हुई। हर जिला बार, डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में इस जजमेंट की चर्चा हुई। मैं सेलिब्रिटी बन गया। जो लड़का भैंस चराता था, 8वीं कक्षा को तीन साल में पास किया, आज उसकी चर्चा पूरी ज्यूडीशियरी और पूरे विश्व में हो रही है और अयोध्या के संत माला पहना रहे हैं। पहले मुझे सिर्फ 10-20 जिले जानते थे, लेकिन आज पूरी दुनिया जान रही है। इसके लिए मैं इन देवी जी लोगों का धन्यवाद देता हूं।
