Stock market closed : सेंसेक्स 374 अंक चढ़ा, रिलायंस और SBI ने संभाली बाजार की कमान; निफ्टी मामूली बढ़त के साथ बंद
मुंबई। विदेशी बाजारों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 373.76 अंक (0.48%) की तेजी के साथ 78,954.76 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी-50 11.35 अंक (0.05%) चढ़कर 24,636 अंक पर पहुंच गया। हालांकि, व्यापक बाजार में मिलाजुला रुख देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 0.51% की गिरावट दर्ज की गई, जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.48% की बढ़त के साथ बंद हुआ।
इन सेक्टरों में रही तेजी
दिनभर के कारोबार में बैंकिंग और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। वहीं ऑटो, मीडिया, मेटल और रियल्टी सेक्टर दबाव में रहे और लाल निशान में बंद हुए।
रिलायंस और SBI बने बाजार के स्टार
सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर सबसे अधिक करीब 3.5% चढ़ा। इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में लगभग 3%, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) में करीब 2.5% और आईसीआईसीआई बैंक में 2% से अधिक की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा इटरनल और टाइटन के शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली।
इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा गिरावट
दूसरी ओर पावरग्रिड का शेयर करीब 4% टूट गया। टीसीएस में 2% की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा इंडिगो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एक्सिस बैंक और अडानी पोर्ट्स के शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक बाजारों से मिले मिश्रित संकेतों के बावजूद बैंकिंग और ऊर्जा क्षेत्र में खरीदारी ने घरेलू बाजार को मजबूती दी।
ये भी पढ़े :
Stock market closed : उतार-चढ़ाव के बीच 152 अंक चढ़ा सेंसेक्स, RBI MPC के बाद हरे निशान में बंद शेयर बाजार
