Stock market closed : कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी, 544 अंक उछला सेंसेक्स

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मुंबई | वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में आई बड़ी गिरावट का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। सोमवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 544.39 अंक चढ़कर 78,639.03 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 390.70 अंक की मजबूती के साथ 24,774.30 पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 800 अंक से अधिक की बढ़त के साथ 78,895.10 तक पहुंच गया। बाजार में तेजी की बड़ी वजह ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 4.62% की गिरावट रही, जिससे यह 83.88 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कच्चे तेल के सस्ता होने से महंगाई और कंपनियों की लागत को लेकर निवेशकों की चिंता कम हुई।

बाजार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की खरीदारी का भी मजबूत समर्थन मिला। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को एफआईआई ने 277.48 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। लगातार चार महीने की बिकवाली के बाद जुलाई में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में करीब 20,200 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया।

सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, टीसीएस, इन्फोसिस, आईटीसी, इटर्नल और एक्सिस बैंक के शेयरों में अच्छी तेजी रही। वहीं सन फार्मा, भारती एयरटेल, मारुति और टाटा स्टील के शेयर दबाव में रहे।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित बातचीत की उम्मीदों से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, जिससे बाजार का भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि रुपये की मजबूती और एफआईआई निवेश भी सकारात्मक संकेत हैं, हालांकि अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल अभी भी उभरते बाजारों के लिए जोखिम बना हुआ है।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई और चीन का शंघाई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहा। यूरोपीय बाजारों में भी कारोबार के दौरान सकारात्मक रुख देखने को मिला।


ये भी पढ़ें : 
Stock market closed : शेयर बाजार में हल्की गिरावट, सेंसेक्स 70 अंक टूटा; IT शेयरों में तेजी से मिला सहारा

संबंधित समाचार