Bahraich News: रुपईडीहा में 1.5 करोड़ की चरस के साथ नेपाली नागरिक अरेस्ट, पुलिस SSB की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता
बहराइच रुपईडीहा में 1.5 करोड़ की चरस बरामद
बहराइच के रुपईडीहा में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में एक नेपाली नागरिक को 1.5 करोड़ रुपये की चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशा तस्करी के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बहराइच। रूपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर एक चरस तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 1 किलो 126 ग्राम चरस बरामद हुई है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा हरेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसएसबी ने संयुक्त रूप से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान नेपालगंज रेलवे स्टेशन से नेपाल बॉर्डर की ओर जाने वाले रास्ते पर पिलर संख्या 651/2 के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। उसकी पहचान नेपाल के जाजरकोट राष्ट्र, जुनीचांदे गांव पालिका वार्ड नं0 06 निवासी चित्र बहादुर शाही (उम्र करीब 23 वर्ष) पुत्र लाल बहादुर शाही के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 126 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ रुपईडीहा थाने में धारा 8/20 NDPS ACT के तहत मामला दर्ज किया गया है। अभियुक्त के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
