Bahraich News : खरगे के मनुस्मृति वाले बयान पर भड़के सद्भावना संस्थापक, बोले- पेज नंबर बताएं या सामाजिक विद्वेष फैलाना बंद करें

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मनुस्मृति संबंधी बयान पर सद्भावना संस्थापक ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बयान की आलोचना करते हुए इसे समाज में विवाद पैदा करने वाला बताया और अपने विचार सार्वजनिक किए।

बहराइच। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा संसद में 'मनुस्मृति' को लेकर दिए गए विवादित बयान पर राजनीति और सामाजिक हलकों में तल्खी बढ़ गई है। सामाजिक संस्था 'सद्भावना' के संस्थापक व श्रावस्ती के पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने खड़गे के इस बयान पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे सरासर भ्रामक और सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है।

गौरतलब है कि बीते दिनों संसद में भाषण के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने मनुस्मृति का हवाला देते हुए कहा था कि "मनुस्मृति के अनुसार यदि कोई शूद्र वेद सुन लेता है, तो उसके कान में पिघला हुआ शीशा या रांगा भर देना चाहिए।"

इस बयान पर पलटवार करते हुए सद्भावना के संस्थापक ने कांग्रेस अध्यक्ष को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि खड़गे को अपने इस दावे की पुष्टि करनी चाहिए और देश के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि मनुस्मृति के किस अध्याय या किस पेज पर यह बात लिखी गई है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि खड़गे अपने बयान को सत्य साबित नहीं कर सकते, तो उन्हें इस तरह का भ्रामक प्रचार तुरंत बंद कर देना चाहिए।

पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पार्टी की वर्तमान नीतियों और बयानबाजी पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी जो कभी सभी जातियों, वर्गों और धर्मों को साथ लेकर चलने के लिए जानी जाती थी। लेकिन आज बेहद अफसोस की बात है कि पार्टी के शीर्ष पद पर बैठे नेता ही समाज में विद्वेष और वैमनस्य फैलाने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे ही गैर-जिम्मेदाराना बयानों और सामाजिक बंटवारे की राजनीति के कारण आज कांग्रेस की यह दुर्गति हुई है और आम जनता ने उसे पूरी तरह से नकार दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष गांधी परिवार से मांग की है कि देश के सौहार्द को बचाने के लिए ऐसे नेताओं के अनर्गल और भड़काऊ बयानों पर तत्काल अंकुश लगाया जाए।

ये भी पढ़ें :
Bahraich News: रुपईडीहा में 1.5 करोड़ की चरस के साथ नेपाली नागरिक अरेस्ट, पुलिस SSB की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता 

संबंधित समाचार