Rampur News : नहाल नदी में डूबने से 11वीं के छात्र की दर्दनाक मौत, माता-पिता के इकलौते लाल के छिनने से मचा कोहराम
गांव पीपलसाना में नहाल नदी में नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से 11वीं कक्षा के एक छात्र की डूबकर मौत
रामपुर के पीपलसाना गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नहाल नदी में नहाने गया 17 वर्षीय छात्र गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रामपुर/मिलक, अमृत विचार। जिले के मिलक तहसील क्षेत्र में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। क्षेत्र के गांव पीपलसाना में नहाल नदी में नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से 11वीं कक्षा के एक छात्र की डूबकर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं जवान और इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मिलक क्षेत्र के ग्राम पीपलसाना निवासी डालचंद का 17 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के पास ही बहने वाली नहाल नदी में नहाने के लिए गया था। नहाते समय अरुण अचानक गहरे पानी की तरफ चला गया और डूबने लगा। काफी देर तक जब वह पानी से बाहर नहीं आया, तो वहां मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और उसकी तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने अरुण को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी।
सीएचसी में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
नदी में छात्र के डूबने की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार राजेश कुमार और हल्का लेखपाल विकेंद्र सिंह तुरंत मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में परिजन गंभीर हालत में अरुण को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मिलक पहुंचे। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार मच गई।
इकलौता बेटा था अरुण, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा शव
बताया जा रहा है कि मृतक अरुण कक्षा 11 का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसकी दो बहनें हैं। इकलौते बेटे के इस तरह दुनिया से चले जाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुखद घटना के बाद से पूरे पीपलसाना गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
