Rampur News : सड़क हादसे में मदरसे के छात्र की मौत, दोस्त घायल
बाइक से जा रहे थे रामपुर, कैंटर ने मारी टक्कर, परिजनों में मचा कोहराम
रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र में बहादुरगंज गांव के पास भीषण सड़क हादसा हुआ है। कैंटर की टक्कर से बाइक सवार मदरसा छात्र मोहम्मद शमी की जान चली गई, जबकि साथी छात्र घायल हो गया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है।
रामपुर, अमृत विचार। स्वार रोड पर हुए सड़क हादसे में मदरसे के छात्र की मौत हो गई। जबकि, बाइक पर बैठा उसका दोस्त घायल हो गया है। हादसा बाइक में कैंटर की जोरदार टक्कर के बाद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। छात्र की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के बहादुरगंज गांव के पास गुरुवार को सड़क हादसा हुआ। कोतवाली स्वार के रसूलपुर गांव निवासी मोहम्मद शमी खेड़ा टांडा में मौलवी की पढ़ाई कर रहे थे। गुरुवार दोपहर बाद युवक अपने दोस्त मदरसे के छात्र खेड़ा टांडा निवासी फईम के साथ बाइक से रामपुर जा रहे थे। जैसे ही दोनों छात्र बहादुरगंज गांव के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे हैं कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस दोनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल जाने लगी। लेकिन रास्ते में ही हाफिज मोहम्मद शमी उम्र 20 वर्ष की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों छात्रों के घर में कोहराम मच गया। मृतक के परिजन कुछ देर के अंदर ही जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। घायल छात्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हादसे से कुछ दूरी पर कैंटर को भी अपने कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर ने बताया मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
ये भी पढ़ें - Rampur News : नहाल नदी में डूबने से 11वीं के छात्र की दर्दनाक मौत, माता-पिता के इकलौते लाल के छिनने से मचा कोहराम
