लखनऊ में भोजपुरी अभिनेत्री ने दर्ज कराया साइबर फ्रॉड का केस, बेटी की AI से अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप
लखनऊ। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का दुरुपयोग कर एक भोजपुरी अभिनेत्री और उनकी 11 वर्षीय बेटी का कथित रूप से अश्लील वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गुरुवार को लखनऊ के हजरतगंज स्थित साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए फिल्म लेखक, एक अभिनेता समेत चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में अभिनेत्री ने आरोप लगाया है कि उनका और उनकी नाबालिग बेटी का चेहरा एडिट कर आपत्तिजनक वीडियो तैयार किए गए और उन्हें इंस्टाग्राम, यूट्यूब, फेसबुक सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया।
सोशल मीडिया कंपनियों को नोटिस जारी करने की मांग
पीड़िता ने पुलिस से मांग की है कि संबंधित सोशल मीडिया कंपनियों को तत्काल नोटिस जारी किया जाए ताकि डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके। उनका कहना है कि इससे आईपी एड्रेस, लॉगिन डिटेल, इस्तेमाल किए गए डिवाइस और अन्य तकनीकी रिकॉर्ड जुटाने में आसानी होगी, जिससे आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
पॉडकास्ट के बाद फिर बढ़ा विवाद
सूत्रों के अनुसार, अभिनेत्री और आरोपी के बीच रिश्तों एवं विवाद को लेकर पहले भी सोशल मीडिया और इंटरव्यू में कई बयान सामने आते रहे हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट में अभिनेत्री ने भोजपुरी अभिनेता रवि किशन और निरहुआ को अपना पसंदीदा अभिनेता बताया था, जिसके बाद पुराना विवाद फिर चर्चा में आ गया।
इंस्टाग्राम वीडियो के बाद वायरल हुए आपत्तिजनक वीडियो
बताया जा रहा है कि 13 जुलाई को अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि एक अभिनेता को उनकी पत्नी ने कथित तौर पर एक अभिनेत्री के साथ रंगे हाथों पकड़ा था। शिकायत के अनुसार, इसी बयान के बाद उनके और उनकी 11 वर्षीय बेटी के AI तकनीक की मदद से कथित अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए गए। फिलहाल साइबर क्राइम सेल ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
