Sitapur News: सतर्क लोको पायलट ने टाला बड़ा रेल हादसा, इंजन के नीचे फंसे युवक की बचाई जान; 20 मिनट रुकी रही ट्रेन

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

सीतापुर। सीतापुर से बालामऊ जंक्शन जा रही 54322 सीतापुर-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन के साथ गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। लोको पायलट की सूझबूझ और समय रहते लगाए गए इमरजेंसी ब्रेक से रेलवे ट्रैक पर आए एक युवक की जान बच गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन यात्रियों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित इंजन के नीचे से बाहर निकाल लिया गया।

ट्रैक पर अचानक आ गया युवक, चालक ने तुरंत लगाए ब्रेक

जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार रात करीब 8:30 बजे की है। ट्रेन आठवां मुठिया स्टेशन के पास कमालपुर शताब्दी क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान एक युवक नशे की हालत में अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गया और ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। सामने अचानक युवक को देखकर लोको पायलट ने बिना समय गंवाए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ट्रेन रुक गई, लेकिन युवक इंजन के नीचे फंस गया।

कुछ सेकंड की देरी पड़ सकती थी भारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर चालक ने समय रहते ब्रेक नहीं लगाए होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोको पायलट की सतर्कता के कारण युवक की जान बच गई। घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन में मौजूद यात्री और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर सावधानीपूर्वक प्रयास कर युवक को इंजन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला।

युवक की हुई पहचान

बाद में युवक की पहचान दीपू पुत्र बलराम, निवासी ग्राम कमालपुर, थाना बेनीगंज, हरदोई के रूप में हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने लोको पायलट की जिम्मेदारी और सूझबूझ की सराहना की। यात्रियों का कहना था कि चालक ने धैर्य और समझदारी दिखाकर एक युवक की जिंदगी बचाने के साथ ही बड़े हादसे को भी टाल दिया।

20 मिनट तक रुकी रही ट्रेन

घटना के कारण पैसेंजर ट्रेन करीब 20 मिनट तक मौके पर खड़ी रही। रेलवे कर्मचारियों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ट्रेन को दोबारा बालामऊ जंक्शन के लिए रवाना किया। जीआरपी थाना प्रभारी अविनाश कुमार पांडे ने बताया कि घटनास्थल थाना बेनीगंज क्षेत्र में आता है। इसलिए मामले की आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई बेनीगंज पुलिस द्वारा की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

ये भी पढ़ें : 
Hardoi News: गंगा एक्सप्रेस-वे पर महिला परिचालक ने दौड़ाई बस, वीडियो वायरल; जांच के घेरे में हरदोई डिपो

संबंधित समाचार