Kannauj NEET UG 2026 : सरकारी स्कूल की शिक्षिका के बेटे समेत दो छात्रों ने बढ़ाया जिले का मान, करेंगे MBBS की पढ़ाई !

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

कन्नौज, अमृत विचार। नीट यूजी-2026 के परिणाम में कन्नौज के दो होनहार छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। एक ओर नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मकरंदनगर की प्रधानाध्यापक के बेटे शिवांश मिश्रा ने 99.4603217 परसेंटाइल के साथ ऑल इंडिया रैंक 10,572 हासिल की है, वहीं राजकीय अभिनव इंटर कॉलेज गंगधरापुर के छात्र तेजस्वी सिंह ने 99.6196300 परसेंटाइल और ऑल इंडिया रैंक 7,457 प्राप्त कर एमबीबीएस की पढ़ाई का रास्ता लगभग तय कर लिया है। दोनों छात्रों के किसी सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीट मिलने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

मकरंदनगर स्कूल की प्रधानाध्यापक के बेटे शिवांश ने लहराया परचम

नगर पालिका परिषद कन्नौज क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी सराय निवासी सोना मिश्रा, जो प्राथमिक विद्यालय मकरंदनगर में प्रधानाध्यापक हैं, उनके 18 वर्षीय पुत्र शिवांश मिश्रा ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट यूजी-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। शिवांश को 720 में से 598 अंक, 99.4603217 परसेंटाइल, ऑल इंडिया रैंक 10,572 और कैटेगरी रैंक 4,357 प्राप्त हुई है। उनकी परीक्षा 21 जून को कानपुर में हुई थी।

शिवांश ने बताया कि उन्होंने तैयारी के लिए राजस्थान के कोटा में रहकर पढ़ाई की। तैयारी के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल केवल मां से हालचाल जानने के लिए करते थे। उन्होंने बताया कि पेपर लीक की जानकारी मिलने पर उन्हें निराशा हुई और व्यवस्था पर गुस्सा भी आया। उनका कहना है कि पहले हुई परीक्षा में उनके 663 अंक आए थे, जबकि दोबारा परीक्षा में अंक कम हो गए। आर्थिक और अन्य कारणों से दोबारा कोटा जाकर तैयारी संभव नहीं थी, इसलिए घर पर रहकर ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट के दौरान भी पिछले वर्ष नीट दिया था और इस बार सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीट मिलने की पूरी उम्मीद है। परिवार में उनके बड़े भाई मनन (सानू) भी हैं।

सरकारी स्कूल के छात्र तेजस्वी ने पहले प्रयास में हासिल की सफलता

राजकीय अभिनव इंटर कॉलेज, गंगधरापुर से इस वर्ष सीबीएसई बोर्ड से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने वाले 17 वर्षीय तेजस्वी सिंह ने भी नीट यूजी-2026 में शानदार सफलता हासिल की है। तेजस्वी को 720 में से 609 अंक, 99.6196300 परसेंटाइल, ऑल इंडिया रैंक 7,457 और कैटेगरी रैंक 3,206 मिली है।

शहर के नसरापुर रोड स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के निकट रहने वाले तेजस्वी के पिता रोहित यादव उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड, तिर्वा शाखा में प्रबंधक हैं, जबकि उनकी मां संध्या सिंह तिर्वा स्थित ओम शिव जनहित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (एडेड) में प्रधानाचार्य हैं।

रोहित यादव ने बताया कि तेजस्वी ने शुरुआत में लखनऊ जाकर तैयारी की, जहां रहने के दौरान उन्हें स्वयं नाश्ता बनाना और कमरे की साफ-सफाई जैसे काम भी करने पड़े। बाद में उन्होंने ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से तैयारी जारी रखी। प्रतिदिन करीब छह घंटे कोचिंग और सात से आठ घंटे स्वाध्याय कर उन्होंने इंटरमीडिएट के साथ ही पहले प्रयास में नीट परीक्षा पास कर ली। परिवार में उनका छोटा भाई यशस्वी कक्षा नौ का छात्र है।

राजकीय अभिनव इंटर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य जितेंद्र यादव ने कहा कि सरकारी विद्यालय के छात्र की इस उपलब्धि से विद्यालय, शिक्षा विभाग और पूरे जनपद का गौरव बढ़ा है। पेपर लीक के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि पहले वाली परीक्षा में भी उनके लगभग इतने ही अंक थे, हालांकि इस बार प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत कठिन था।

शिवांश मिश्रा की उपलब्धि
  • 720 में से 598 अंक
  • परसेंटाइल : 99.4603217
  • ऑल इंडिया रैंक : 10,572
  • कैटेगरी रैंक : 4,357
  • तैयारी : कोटा व बाद में घर से ऑनलाइन
  • सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीट मिलने की संभावना
तेजस्वी सिंह की उपलब्धि
  • 720 में से 609 अंक
  • परसेंटाइल : 99.6196300
  • ऑल इंडिया रैंक : 7,457
  • कैटेगरी रैंक : 3,206
  • पहले प्रयास में नीट क्वालिफाई
  • सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की प्रबल संभावना

 

संबंधित समाचार