UP Weather Update : यूपी में झमाझम बारिश से उफान पर नदियां, तीन दिन में करीब 15 लोगों की मौत का कारण बनी बरसात
पहाड़ों पर भारी बारिश के कारण यूपी की कई नदियां उफान पर
पिछले 24 घंटों में यूपी की राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने यूपी के सभी 75 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। 13 शहरों में भारी बारिश की संभावना है। पहाड़ों से लेकर पश्चिमी यूपी तक जोरदार बारिश होने के कारण कई नदियां उफान पर हैं।
अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में मानसून की जोरदार बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में यूपी की राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने यूपी के सभी 75 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। 13 शहरों में भारी बारिश की संभावना है। पहाड़ों से लेकर पश्चिमी यूपी तक जोरदार बारिश होने के कारण कई नदियां उफान पर हैं। तीन दिन की बारिश के दौरान विभिन्न हादसों में कम से कम 15 लोगों की मौत की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवारों को मुआवजा के निर्देश दिए हैं।
पश्चिमी यूपी में बारिश से जनजीवन भी प्रभावित नजर आने लगा है। बिजनौर में गंगा और उसकी सहायक मालन नदी उफान पर बह रही है। मेरठ-बिजनौर और हरिद्वार रोड समेत कई जगहों पर पानी पुल के ऊपर तक पहुंच गया। इस कारण कई जगहों पर वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। कई जगहों पर भारी बारिश के कारण रेलवे के अंडरपासों में पानी भर गया। वाहन फंसते रहे। अंडरपास से पानी निकालने के लिए इंजन लगाने पड़ गए।
सहारनपुर में कब्रों से शव बाहर
सहारनपुर में भारी बरसात के कारण कब्रिस्तान जलमग्न हो गए। तेज बहाव के कारण कुछ दिन पहले की कब्रों की मिट्टी बह गई और शव बाहर आ गए। बेचैनी और असमंजस के आलम के बीच बारिश थमने के बाद शवों को दोबारा दफनाया गया।
तापमान गिरा, खुशनुमा मौसम
बारिश ने गर्मी से बड़ी राहत दिलाई है। राजधानी लखनऊ समेत अधिकांश हिस्सों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट की संभावना है। फिलहाल बारिश ने गर्मी से बड़ी राहत दिलाई और राज्य का मौसम सुहाना कर दिया।
मेरठ में सर्वाधिक बारिश
पिछले 24 घंटों में पश्चिमी यूपी में झमाझम बारिश हुई। मेरठ में सर्वाधिक 315 मिमि बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद मुजफ्फरनगर, बाराबंकी, मिर्जापुर और मेरठ का ही सरधना इलाका शामिल है। हालांकि प्रदेश में अब तक औसत से कम वर्षा ही है। इस वक्त सामान्य बारिश 169.4 मिमी होनी चाहिए थी, इसके सापेक्ष 140.9 मिमी ही बारिश हुई है, जो औसतम से 20 मिमी के करीब कम है। मौसम विभाग ने 11 और 12 जुलाई को भी पश्चिमी और पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
