मुंबई के कुर्ला में बड़ा हादसा: रेलवे की बिजली लाइन पर गिरी क्रेन, 6 घायल; कई मकान क्षतिग्रस्त
कुर्ला के कुरैशी नगर में MMRDA के काम के दौरान हुआ हादसा, क्रेन का बड़ा हिस्सा आसपास की झोपड़ियों और मकानों पर गिरा; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
मुंबई: कुर्ला इलाके में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कुरैशी नगर में काम के दौरान एक विशाल क्रेन अचानक पलट गई और रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन पर जा गिरी। क्रेन का भारी हिस्सा रेलवे लाइन के किनारे बने कई मकानों और झोपड़ियों पर भी गिरा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं, जबकि राहत और बचाव अभियान जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, कुर्ला में एक पुरानी इमारत को हटाने या गिराने का काम किया जाना था। इसी काम के लिए पोकलेन मशीन को ऊपर पहुंचाने की तैयारी चल रही थी और क्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मशीन को उठाने के दौरान अचानक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।
देखते ही देखते क्रेन का बड़ा हिस्सा आसपास के मकानों पर जा गिरा। अचानक हुए हादसे से लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
रेलवे की ओवरहेड लाइन पर गिरी क्रेन
सेंट्रल रेलवे के मुताबिक, MMRDA की एक क्रेन कुर्ला और ट्रॉम्बे के बीच रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन पर गिर गई। हालांकि, इस घटना का रेल यातायात पर बड़ा असर नहीं पड़ा, क्योंकि संबंधित सिंगल लाइन का इस्तेमाल केवल मालगाड़ियों के लिए किया जाता है।
छह घायल सायन अस्पताल में भर्ती
BMC के आधिकारिक बयान के अनुसार, मौके पर मौजूद एल वार्ड के जूनियर इंजीनियर से मिली जानकारी के आधार पर बताया गया कि MHADA की ओर से वहां हटाने या तोड़ने का काम शुरू किया जाना था। इसी प्रक्रिया के लिए पोकलेन मशीन की मदद से क्रेन लगाई जा रही थी, तभी हादसा हुआ।
हादसे में घायल छह लोगों को सायन अस्पताल ले जाया गया, जबकि दो घायलों को कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान फिलहाल सामने नहीं आई है। प्रशासन यह भी पता लगाने में जुटा है कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति मलबे या गिरी हुई संरचना के नीचे फंसा तो नहीं है।
कुछ समय पहले मीरा रोड में भी गिर चुकी थी क्रेन
मुंबई में क्रेन गिरने का यह पहला बड़ा हादसा नहीं है। इससे पहले जुलाई में मीरा रोड की जेपी नॉर्थ सोसाइटी में निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ी क्रेन रिहायशी परिसर के अंदर गिर गई थी। उस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई थी और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे।
यह भी पढ़ेंः छात्रों के प्रदर्शन का दिखा असर : सर्वोदय विद्यालयों पर CM योगी सख्त, खाली पद भरने और नई सोसाइटी बनाने के दिए निर्देश
