अटल आवासीय विद्यालयों में बंपर भर्ती का रास्ता साफ! Teacher’s Day तक भरेंगे शिक्षकों के सभी खाली पद, इन विषयों पर होगा खास फोकस

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने दिए निर्देश, हिंदी के साथ अंग्रेजी और कम्युनिकेशन स्किल पर रहेगा खास फोकस; 21 अगस्त को जापानी छात्र-शिक्षकों के दौरे की भी तैयारी

लखनऊ: दुबग्गा स्थित अटल आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर है। विद्यालय में खाली पड़े शिक्षकों के पदों को अब जल्द भरा जाएगा। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने निर्देश दिया है कि 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस तक विद्यालय में सभी शिक्षकों की नियुक्ति पूरी कर ली जाए।

गुरुवार को अटल आवासीय विद्यालय सभागार में मंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। यह बैठक विद्यालय के छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन के बाद आयोजित की गई। इसमें मंडलायुक्त ने शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

31 अगस्त से पहले पूरी होगी इंटरव्यू प्रक्रिया

बैठक में मंडलायुक्त ने अधिकारियों से विद्यालयों में शिक्षकों के खाली पदों की स्थिति शासन के संज्ञान में लाने को कहा। इस पर अटल आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि शिक्षकों की नियुक्ति के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया 31 अगस्त से पहले पूरी कर ली जाएगी।

इसके बाद मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि 5 सितंबर तक सभी शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

हिंदी के साथ अंग्रेजी पर भी विशेष फोकस

मंडलायुक्त ने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ विद्यार्थियों की भाषा संबंधी क्षमता को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को हिंदी के साथ-साथ अंग्रेजी भाषा का ज्ञान और संवाद कौशल बेहतर तरीके से विकसित करने के अवसर मिलने चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई, अनुशासन, लगातार अभ्यास और आत्मविश्वास के महत्व के बारे में भी बताया।

बच्चों से सीधे जाना पढ़ाई का हाल

बैठक के बाद मंडलायुक्त ने अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने अलग-अलग कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई से जुड़ी जानकारी ली।

मंडलायुक्त ने बच्चों से विषयों की समझ, शैक्षणिक सुविधाओं, पढ़ाई और उनकी रुचियों के बारे में सवाल किए। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास सफलता की मजबूत आधारशिला हैं।

जापानी छात्र-शिक्षकों से भी होगा संवाद

अटल आवासीय विद्यालय में 21 अगस्त को जापान के विद्यार्थियों और शिक्षकों का भ्रमण प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान भारतीय और जापानी विद्यार्थियों के बीच संवाद कराया जाएगा।

इसके अलावा जापानी प्रतिनिधिमंडल विद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं और पुस्तकालय का भ्रमण करेगा। सांस्कृतिक गतिविधियों और पौधरोपण समेत अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को जापानी मेहमानों के स्वागत और कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

यह भी पढे़ंः AI से Green Hydrogen तक… Japan और UP का ऐसा Collab, बदल सकता है स्टूडेंट्स का फ्यूचर

संबंधित समाचार