Pilibhit News : पीलीभीत में बहू के हाथ का खाना खाकर पति, सास-ससुर की बिगड़ी हालत, जांच में जुटी पुलिस
तीन लोगों की हालत बिगड़ने के बाद कॉलोनी में तमाम तरह की चर्चाएं,
तीन महीने पहले प्रवीण और रोशनी का प्रेम विवाह हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही घर में कलह चल रही है। इसी बीच रात में घरवाले खाना खाकर सोए। सुबह को अचानक तीन लोगों की हालत बिगड़ गई। कॉलोनी वाले अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ तो उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
अमृत विचार : पीलीभीत के घुंघचिहाई थाना क्षेत्र में बहू के हाथ का बना खाना खाकर पति और सास-ससुर की हालत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर तीनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। खाने में कथित रूप से विषाक्त पदार्थ मिलाने का आरोप है। तीन लोगों की हालत गंभीर होने की सूचना पर पुलिस भी जांच में जुट गई है।
घटनाक्रम चंदुइया कॉलोनी का है। 21 वर्षीय प्रवीण मंडल (21) उनके पिता मोहन मंडल (65) और मां नमिता मंडल (45) रात में खाना खाकर सो गए थे। सुबह को अचानक तीनों की तबीयत बिगड़ गई। चक्कर आने के साथ उल्टियां होने लगीं। कॉलोनी वाले तीनों को पूरनपुर सीएचसी लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल रेफर
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर थी। कोई सुधार न होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घरवाले तीनों को जिला अस्पताल लेकर गए हैं। उधर, इस प्रकरण से कॉलोनी में हलचल बढ़ गई है। तमाम तराह की चर्चाएं और अफवाहें आम हैं।
तीन महीने पहले प्रेम विवाह
दरअसल, तीन महीने पहले ही प्रवीण मंडल का रोशनी से प्रेम विवाह हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से परिवार में विवाद चल रहा था। रोज की कलह आम है। अब जब अचानक से घर के तीन लोगों की हालत बिगड़ी है तो तमाम तरह की चर्चाएं चल रही हैं। बहरहाल, घटना की सूचना पर घुंघचिहाई पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार के लोगों से जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसओ राजीव कुमार ने बताया कि अभी इस प्रकरण में कोई तहरीर नहीं मिली है। सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। मामले की जांच की जा रही है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें-बरेली, मुरादाबाद और लखनऊ मंडल बनेंगे डेयरी हब, इन क्षेत्रों में क्या है सरकार का प्लान-जानिए
