Amethi News: 39 मुकदमों वाले शातिर लुटेरे का खेल खत्म! चेन लूट के बाद बेचने निकला था, पुलिस ने दबोचा
चेन लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; लूटी चेन, 10 हजार रुपये, बाइक और हेलमेट बरामद
कमरौली/अमेठी, अमृत विचार। जिले के एसपी के निर्देश पर कमरौली थाना अध्यक्ष मुकेश पटेल ने महिला से चेन लूट की घटना का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय शातिर लुटेरे समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पीली धातु की चेन, 10 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और चेहरा छिपाने में इस्तेमाल हेलमेट बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर सतेन्द्र कुमार निषाद उर्फ कालिया निवासी कनौसी, थाना कृष्णानगर, कमिश्नरेट लखनऊ को पकड़ा गया। पूछताछ के आधार पर चेन खरीदने-बेचने वाले गगनप्रीत सिंह निवासी आर्य नगर, थाना नाका, कमिश्नरेट लखनऊ को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सतेन्द्र ने बताया कि उसने 13 अगस्त को यूपीएसआईडीसी कॉलोनी में एक महिला से चेन छीनी थी। इसके बाद चेन बेचने के लिए गगनप्रीत को दे दी थी। गगनप्रीत ने उसे 15 हजार रुपये एडवांस दिए थे और बाकी रकम चेन बिकने के बाद देने की बात कही थी। लखनऊ में सीसीटीवी कैमरों की वजह से चेन नहीं बिक सकी। दोनों आरोपी शुक्रवार को बनभरिया मोड़ पर चेन बेचने की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार सतेन्द्र के खिलाफ लखनऊ, बाराबंकी और अमेठी में लूट, हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट और गुंडा अधिनियम समेत 39 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
39 मुकदमों का आरोपी है सतेन्द्र
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सतेन्द्र कुमार निषाद उर्फ कालिया अंतरजनपदीय शातिर लुटेरा है। उसके खिलाफ लखनऊ, बाराबंकी और अमेठी जिलों में लूट, हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट और गुंडा अधिनियम समेत कुल 39 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और पूर्व की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ेंः सीतापुर में ‘फर्जी टीचर फैक्ट्री’ का मास्टरमाइंड कौन? 45 बर्खास्तगी के बाद अब गुप्त जांच से खुलेगा बड़ा राज
