Badaun News : बदायूं में जेबकतरों से पुलिस का मुचैटा, तीन आरोपियों के लगी गोली, एक सिपाही भी घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

फर्रुखाबाद के रहने वाले तीनों आरोपी, बदायूं में चला रहे थे जेबकतरा गैंग 

बदायूं के उसावां में पुलिस को सूचना मिली कि तीन बदमाश किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। तीनों के पास हथियार हैं। पुलिस ने उनकी घेराबंदी की। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें एक सिपाही के गोली लगी है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी।

अमृत विचार : बदायूं पुलिस ने जेबकतरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। एक सिपाही भी घायल हुआ है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस, एक बाइक और करीब महीना भर पहले जेब काटकर चोरी किए गए 26,750 रुपये बरामद किए हैं। 

घटनाक्रम उसावां थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 20 अगस्त को मुखबिर की सूचना मिली कि सिद्ध बाबा मंदिर के आगे हजरतपुर रोड पर तीन बदमाश असलहों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। उसावां पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही तीनों बदमाश बाइक से गूरा बरैला रोड की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया। बाइक फिसलने पर आरोपी जंगल की ओर भागने लगे। खुद को घिरता देख पुलिस पर फायर कर दिया। कांस्टेबल राजू के हाथ में गोली लगी है। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपियों को उसावां सीएचसी ले जाया गया। 

फर्रुखाबाद के हैं आरोपी 

गिरफ्तार आरोपियों में राकेश पुत्र शौकीन उर्फ अंतराम निवासी ग्राम ममापुर थाना कायमगंज, जनपद फर्रुखाबाद, सुरजीत पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम लुखुआ थाना कादरी गेट, फर्रुखाबाद तथा गौरव पुत्र रतन सिंह निवासी ग्राम ममापुर थाना कायमगंज, फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं। 

पूछताछ में स्वीकार किया अपराध 

पूछताछ में पुलिस को बताया कि करीब एक माह पूर्व ग्राम मरौरी के पास ऑटो में बैठे एक व्यक्ति की जेब काटकर उन्होंने एक लाख रुपये चोरी किए थे। चोरी की रकम में से कुछ रुपये खर्च करने के बाद शेष 26,750 रुपये पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद कर लिए। इस संबंध में थाना उसावां में 18 जुलाई 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया था।

घायल सिपाही और तीनों घायल आरोपियों को उपचार के लिए सीएचसी उसावां भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

इसे भी पढ़ें-शाहजहांपुर कलेक्ट्रेट में आत्मदाह करने पहुंचा पूरा परिवार! डीएम के सुरक्षा गार्डों ने कैसे रोका बड़ा हादसा

 

संबंधित समाचार