Gonda SP Transfer : विनीत जायसवाल का तबादला, अब अभिषेक झा होंगे गोंडा के नए एसपी
करीब ढाई साल से गोंडा की कमान संभाल रहे थे विनीत जायसवाल
यूपी सरकार ने गोंडा के एसपी विनीत जायसवाल का तबादला कर उन्हें सुल्तानपुर का एसपी बनाया है। बिजनौर के एसपी रहे अभिषेक कुमार झा अब गोंडा के नए एसपी होंगे। विनीत जायसवाल ने दिसंबर 2023 से गोंडा की कमान संभाली थी।
गोंडा, अमृत विचार: प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल का तबादला कर दिया। 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी विनीत जायसवाल को अब सुल्तानपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, बिजनौर के पुलिस अधीक्षक रहे 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक कुमार झा को गोंडा का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
विनीत जायसवाल 18 दिसंबर 2023 से गोंडा के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। करीब 976 दिनों के कार्यकाल में उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर अपनी अलग पहचान बनाई। उनके कार्यकाल में गैंगस्टर, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए गए।
उनके कार्यकाल में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई चर्चा में रही। उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र में शिवदीन हत्याकांड में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुठभेड़ में कार्रवाई की थी। इस घटना के बाद विनीत जायसवाल ने मानवीय संवेदना की मिसाल पेश करते हुए शिवदीन की बहन की शादी धूमधाम से कराई और उसका पूरा खर्च भी उठाया। पुलिस अधिकारी के इस कदम की जिले में खूब सराहना हुई थी।
अब सुल्तानपुर की संभालेंगे जिम्मेदारी
करीब ढाई साल से अधिक समय तक जिले की कानून-व्यवस्था संभालने के बाद विनीत जायसवाल अब सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके स्थान पर बिजनौर के एसपी रहे अभिषेक कुमार झा को गोंडा भेजा गया है। नए एसपी के सामने जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।
यह भी पढ़ें:-UP में 9 IPS अधिकारियों के तबादले, अविनाश पांडे को मिली लखनऊ में तैनाती, संभल SP केके बिश्नोई बिजनौर पुलिस अधीक्षक
