तिरंगा यात्रा के दौरान पीजी कॉलेज में मारपीट, जमकर चले लात-घूंसे, वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

रामनगर, बाराबंकी, अमृत विचार : तिरंगा यात्रा के दौरान नारेबाजी को लेकर शुक्रवार को पीजी कॉलेज रामनगर परिसर में कॉलेज कर्मचारियों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। प्राचार्य कार्यालय के सामने कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने से कॉलेज परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।

एबीवीपी कार्यकर्ता विभु सिंह के अनुसार, कार्यकर्ताओं की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। इस दौरान वंदे मातरम और जय श्रीराम के नारे लगाए जा रहे थे। आरोप है कि शिक्षक ओम वर्मा ने रैली में जय श्रीराम का नारा लगाने से मना किया। रैली के पीजी कॉलेज पहुंचने पर इसी बात को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं और कॉलेज स्टाफ के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्राचार्य डॉ. कौशलेंद्र विक्रम मिश्र ने कार्यालय के सामने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान वार्ड के सभासद समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए।

बातचीत के दौरान मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व चेयरमैन और एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री ने हस्तक्षेप किया। बाद में दोनों पक्षों के बीच लिखित सुलह-समझौता करा दिया गया। एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने बताया कि पीजी कॉलेज कर्मचारियों और कुछ बाहरी लोगों के बीच कहासुनी हुई थी। फिलहाल दोनों पक्षों में सुलह करा दी गई है। वहीं, प्राचार्य डॉ. कौशलेंद्र विक्रम मिश्र ने बताया कि गलतफहमी के कारण बातचीत के दौरान विवाद हुआ था, जिसमें कुछ बाहरी लोग भी आ गए थे।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
पीजी कॉलेज में कार्यरत कर्मचारी की लात घूंसों से पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। जिसको लेकर चर्चा का माहौल है। वीडियो में साफ दिख रहा कि कर्मचारी जान बचाने के लिए प्राचार्य कक्ष की ओर भाग रहा है जबकि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे हैं। मौके पर शिक्षक कर्मचारी व विद्यार्थियों की भीड़ जुटी, वहीं प्राचार्य और पुलिस कांस्टेबल भी दिखाई पड़ रहे। घटना ने कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

संबंधित समाचार