Gonda News : 1947 के दर्द को किया याद, गोंडा में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर निकला मौन जुलूस; शहीदों को नमन
‘आने वाली पीढ़ियों को इतिहास से परिचित कराना जरूरी’
गोंडा में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर टाउन हॉल में संगोष्ठी आयोजित की गई। वक्ताओं ने 1947 के विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और बलिदान को याद किया। इसके बाद मौन जुलूस निकालकर पीड़ित परिवारों के संघर्ष को नमन किया गया।
गोंडा, अमृत विचार: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को टाउन हॉल में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान हुई त्रासदी, विस्थापन, बिछड़ने और असंख्य लोगों के बलिदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि विभाजन की पीड़ा केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि उन परिवारों के संघर्ष और त्याग की स्मृति है, जिन्होंने अपना सब कुछ खो दिया।
विभाजन में जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मौन जुलूस निकालकर विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। जुलूस के माध्यम से विभाजन की त्रासदी में पीड़ित लोगों के संघर्ष, साहस और बलिदान को स्मरण रखने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि विभाजन की विभीषिका को याद रखना आने वाली पीढ़ियों को इतिहास की उस पीड़ा से परिचित कराने का माध्यम है। सभी ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विभाजन में प्राण गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अवधेश श्रीवास्तव, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, करनैलगंज विधायक अजय सिंह, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी, सरदार हरजीत सिंह छाबड़ा, महेन्द्र सिंह छाबड़ा, राजेन्द्र सिंह भाटिया, अजीत सिंह सलूजा, जयराम दास, राजू सिंधी, मथुरा दास, राजेश रायचंदानी, क्षेत्रीय मंत्री किसान मोर्चा रवीश श्रीवास्तव, केंद्रीय मंत्री/सांसद गोण्डा के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्रा, संगोष्ठी संचालक राकेश तिवारी और सहसंयोजक/जिला मंत्री जितेन्द्रनाथ पाण्डेय समेत पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-UP Promotion : यूपी में 332 नायब तहसीलदारों का प्रमोशन, अब संभालेंगे तहसीलदार की कुर्सी; जानें कितना होगा नया वेतन
