Shravasti News : बेटी के जन्म पर जश्न! श्रावस्ती अस्पताल में मनाया कन्या जन्मोत्सव, नवजात बच्चियों को मिली बेबी किट

Amrit Vichar Network
On

डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा- बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच बढ़ाना और लैंगिक असमानता दूर करना कार्यक्रम का उद्देश्य

संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने नवजात बच्चियों को बेबी किट बांटी और माताओं को मिठाई वितरित की। महिलाओं को कन्या सुमंगला योजना व मिशन शक्ति की हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।

श्रावस्ती, अमृत विचार। संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में शुक्रवार को कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवजात बच्चियों का स्वागत करते हुए केक काटा गया और उनकी माताओं को मिठाई वितरित की गई। नवजात बच्चियों को बेबी किट भी दी गई।

कार्यक्रम में डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि कन्या जन्मोत्सव का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और लैंगिक असमानता को दूर करना है। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके जन्म को उत्सव के रूप में मनाने से समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और सकारात्मक सोच मजबूत होगी।

3

कन्या सुमंगला योजना की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में जानकारी दी गई। योजना के तहत बेटियों के लिए सरकार की ओर से संचालित सुविधाओं और लाभों के बारे में बताया गया। हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन की टीम ने भी महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी महिलाओं को दी। टीम ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई।

मिशन शक्ति की हेल्पलाइन नंबरों से कराया अवगत

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। उन्हें आपात स्थिति और सहायता के लिए 112, 181, 108, 1090, 1098 और 1076 हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों को सरकारी योजनाओं, सुरक्षा सेवाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी रहा।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राज पाल सिंह, जिला प्रोवेशन अधिकारी मो. मुमताज, जिला मिशन कोऑर्डिनेटर सरिता मिश्रा, जेंडर स्पेशलिस्ट कुसुम श्रीवास्तव, स्टाफ नर्स, धात्री महिलाएं सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-Barabanki News : डीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट को ठेंगा! कचहरी गेट के बगल चल रहा अवैध बाइक स्टैंड, सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल

संबंधित समाचार