Shravasti News : स्वतंत्रता दिवस से पहले इंडो-नेपाल बॉर्डर पर बढ़ी चौकसी, डीएम-एसपी ने लिया सुरक्षा का जायजा; SSB ने निकाली तिरंगा रैली

Amrit Vichar Network
On

सीमा स्तंभ भारत-634 (1) का निरीक्षण, संदिग्ध व्यक्ति-वाहनों और तस्करी पर कड़ी नजर के निर्देश; SSB डॉग स्क्वायड ने किया डेमोंस्ट्रेशन

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर श्रावस्ती के सुइयां बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने डीएम, एसपी और एसएसबी कमांडेंट पहुंचे। अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधियों और तस्करी पर निगरानी के निर्देश दिए। SSB ने तिरंगा रैली भी निकाली।

सिरसिया (श्रावस्ती),अमृत विचार : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग, एसपी राहुल भाटी और एसएसबी कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण ने सिरसिया थाना क्षेत्र के इंडो-नेपाल सीमा स्थित सुइयां बॉर्डर और आसपास के सीमावर्ती इलाकों व गांवों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सीमा स्तंभ संख्या भारत-634 (1) का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा बलों को सीमावर्ती क्षेत्र में पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

3
सुईया बार्डर पर तिरंगा यात्रा निकलते अधिकारी व पुलिस तथा एसएसबी के जवान।
 
संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश

अधिकारियों ने सीमावर्ती इलाकों में अवैध तस्करी, आपराधिक गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी रखने को कहा। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखने को कहा।

सुइयां बॉर्डर पर जवानों ने निकाली तिरंगा रैली

इसके बाद हर घर तिरंगा अभियान के तहत सुइयां बॉर्डर पर 62वीं वाहिनी एसएसबी के जवानों ने तिरंगा रैली निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पुलिस और एसएसबी के जवानों ने सीमावर्ती क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। तिरंगा रैली में अधिकारियों के साथ पुलिस और एसएसबी के जवान शामिल रहे। सीमा क्षेत्र में निकली रैली के दौरान लोगों में भी देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।

3

डॉग स्क्वायड ने दिखाया सुरक्षा कौशल

एसएसबी के डॉग स्क्वायड की ओर से डॉग शो और डेमोंस्ट्रेशन का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रशिक्षित श्वानों ने सुरक्षा, खोज और संदिग्ध वस्तुओं की पहचान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने ग्रामीणों को भी जागरूक किया और उनसे सीमावर्ती क्षेत्र में शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखे तो तुरंत दें सूचना

अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस अथवा एसएसबी को सूचना दें। अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय लोगों की सतर्कता सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की निगरानी और गश्त को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:-Barabanki News : डीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट को ठेंगा! कचहरी गेट के बगल चल रहा अवैध बाइक स्टैंड, सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल

संबंधित समाचार