Shravasti News : विभाजन ने उजाड़ दिए थे परिवार...’, श्रावस्ती में लगी विभाजन विभीषिका की प्रदर्शनी, दो मिनट का मौन रख लोगों ने दी श्रद्धांजलि
चित्र प्रदर्शनी में दिखी त्रासदी; स्वतंत्रता सेनानी परिवारों का सम्मान
श्रावस्ती में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर चित्र प्रदर्शनी आयोजित हुई। विधायक रामफेरन पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र और डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। विभाजन में जान गंवाने वालों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया और स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को सम्मानित किया गया।
श्रावस्ती, अमृत विचार। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत जिले में विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को डीपीआरसी हाल में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के जरिए देश के विभाजन के दौरान लोगों ने जो पीड़ा और विस्थापन झेला, उसे चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन श्रावस्ती विधायक रामफेरन पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा और डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने फीता काटकर किया।
‘विभाजन ने कई जिंदगियां तबाह कर दीं’
इस मौके पर विधायक रामफेरन पाण्डेय ने कहा कि देश का विभाजन इतिहास का ऐसा क्षण था, जिसने कई जिंदगियां तबाह कर दीं। परिवार उजड़ गए और लोगों को अपनों को खोने का गहरा दर्द झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि भीषण परिस्थितियों के बावजूद लोगों ने शून्य से शुरुआत कर अपना जीवन दोबारा खड़ा किया। विपरीत परिस्थितियों को उपलब्धियों में बदलते हुए विस्थापित परिवारों ने राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया।

‘कटुता नहीं, एकता मजबूत करना उद्देश्य’
जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभाजन की त्रासदी झेलने वाले परिवारों और उनके संघर्ष को सम्मान देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि इतिहास के इस दर्दनाक अध्याय को याद करने का उद्देश्य किसी के प्रति कटुता पैदा करना नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और मानवीय संवेदनाओं को और मजबूत करना है।
डीएम बोलीं- सद्भाव और भाईचारे का संकल्प मजबूत करें
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस देश में सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने के साथ विकसित भारत के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयासों के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी से प्रभावित लोगों ने साहस और क्षमता के बल पर विपरीत परिस्थितियों में भी अपने संकल्पों को पूरा किया। उनका संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है।

डीएम ने लोगों से राष्ट्रीय एकता, सद्भावना और एकजुटता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिश्रम, उद्यम और समर्पित प्रयासों से ही कला, विज्ञान, तकनीकी कौशल, शिल्प और नवाचार विकसित होते हैं और सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को भाग्य के भरोसे बैठने के बजाय साहस, कर्मठता और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। पुरुषार्थ ही भाग्य का निर्माता है।

प्रदर्शनी देखी, दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विभाजन विभीषिका के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले लोगों की स्मृति में सभी ने दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों को प्रतीक चिह्न और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह, जिला समन्वयक राज कुमार त्रिपाठी, हरिगेन्द्र वर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे और आमजन मौजूद रहे।
