Barabanki News : CM योगी के हमशक्ल ‘योगी सेवक’ की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा, ट्रैक्टर-बाइक के साथ उमड़ा हुजूम; सियासत भी गरमाई
सैदनपुर से लोधेश्वर महादेवा होते हुए महादेवा ऑडिटोरियम तक निकली करीब तीन किलोमीटर यात्रा
बाराबंकी की रामनगर विधानसभा में स्वतंत्रता दिवस से पहले भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हमशक्ल बताए जाने वाले ‘योगी सेवक’ नीरज शर्मा ने यात्रा की अगुवाई की। सैदनपुर से लोधेश्वर महादेवा होते हुए महादेवा ऑडिटोरियम तक निकली यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए।
बाराबंकी, अमृत विचार। स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करने और राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने के उद्देश्य से आज बाराबंकी जिले की रामनगर विधानसभा क्षेत्र में अनोखी तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा की सबसे खास बात रही कि इसका नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हमशक्ल और उन्हीं जैसे रूप-रंग में नजर आने वाले ‘योगी सेवक’ पण्डित नीरज शर्मा ने किया।
भगवा वस्त्र, योगी आदित्यनाथ जैसी वेशभूषा और लगभग वैसा ही रूप धारण किए नीरज शर्मा जब तिरंगा हाथ में लेकर यात्रा में आगे बढ़े तो लोगों का ध्यान उनकी ओर खिंच गया। विधानसभा रामनगर क्षेत्र में सैदनपुर से शुरू होकर विश्वप्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेवा होते हुए महादेवा ऑडिटोरियम करीब तीन किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा में सैकड़ों ट्रैक्टर, बाइक और हजारों लोग शामिल हुए। बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक में खासा उत्साह नजर आया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से पूरा रामनगर क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
नीरज शर्मा खुद को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अनुयायी और ‘योगी सेवक’ बताते हैं। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ नीरज शर्मा की कई तस्वीरें भी वायरल हैं। योगी आदित्यनाथ जैसे रूप-रंग और भगवा वेशभूषा में नजर आने वाले नीरज शर्मा लंबे समय से रामनगर क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी इस भव्य तिरंगा यात्रा ने जहां देशभक्ति का संदेश दिया, वहीं रामनगर विधानसभा क्षेत्र की सियासत में भी हलचल बढ़ा दी है।

भीषण गर्मी के बीच रामनगर में योगी आदित्यनाथ जैसे रूप-रंग में सजे ‘योगी सेवक’ नीरज शर्मा की अगुवाई में निकली यह तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी फिलहाल इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। यात्रा में उमड़ी भीड़ और देशभक्ति के नारों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले रामनगर के माहौल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
2022 में निर्दलीय लड़ चुके हैं विधानसभा चुनाव
मेरठ जिले के रहने वाले नीरज शर्मा वर्ष 2022 में रामनगर विधानसभा सीट से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से टिकट मांगा था, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतर गए थे। उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने से उस समय बीजेपी खेमे में भी हलचल देखने को मिली थी। नीरज शर्मा पिछले कई वर्षों से रामनगर क्षेत्र की जनता के बीच संपर्क कर रहे हैं। वह क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में लाउडस्पीकर लगवाने की बात भी करते हैं और इसे अपनी हिंदू आस्था से जोड़ते हैं।
‘हिंदुत्व और सनातन को मजबूत करना है’
नीरज शर्मा का कहना है कि हम चाहते हैं कि हमारे क्षेत्र में धर्म फुटबॉल की तरह उठे और जाति पत्थर की तरह दबे। हिंदुत्व और सनातन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज की मजबूत विचारधारा को लेकर आगे बढ़ रहे हैं और क्षेत्र की जनता की आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिसकी जितनी सख्या भारी, उतनी उसकी हिस्सेदारी। जहां जवान और किसान खड़ा हो जाता है, वहां जीत सुनिश्चित हो जाती है।
बोले- तिरंगा देश की आन, बान और शान
तिरंगा यात्रा को लेकर नीरज शर्मा ने कहा कि यह अवसर बेहद खास है, क्योंकि 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और लोगों में इसके प्रति सम्मान की भावना और मजबूत होनी चाहिए। नीरज शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया गया है। उन्होंने झंडा संहिता में किए गए बदलावों का भी जिक्र करते हुए कहा कि अब लोग अपने घरों पर तिरंगा लगाकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना प्रदर्शित कर सकते हैं।
यह भी पढ़ेंः घंटों फोन चलाती थीं ये फेमस एक्ट्रेस, अब करानी पड़ी 3 लाख की सर्जरी, जानें लोगों को क्या ही सलाह
