कानपुर में 15 अगस्त को लेकर हाई अलर्ट, सीमाओं पर नाकाबंदी; स्टेशन से चौराहों तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

Amrit Vichar Network
On

डॉग स्क्वाड-BDDS तैनात; होटल-सराय पर भी निगरानी

स्वतंत्रता दिवस को लेकर कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। शहर की सीमाओं पर नाकाबंदी, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग, डॉग स्क्वाड व बीडीडीएस की तैनाती के साथ सोशल मीडिया पर भी निगरानी की जा रही है।

कानपुर, अमृत विचार। स्वतंत्रता दिवस को लेकर कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पिछले तीन दिनों से शहर की सीमाओं, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों के साथ वाहनों की भी तलाशी ले रही है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, बाजार, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा जांच के लिए डॉग स्क्वाड और बीडीडीएस टीम को भी लगाया गया है। तिरंगा यात्रा और स्वतंत्रता दिवस से जुड़े अन्य कार्यक्रमों के निर्धारित मार्गों पर पुलिस की पेट्रोलिंग लगातार जारी है।

सीमाओं और चौराहों पर सघन चेकिंग

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर में आने-जाने वाले वाहनों पर पुलिस की विशेष नजर है। प्रमुख प्रवेश मार्गों और सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिसकर्मी वाहन चालकों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी कर रहे हैं। संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं।

01

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर

सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस का सोशल मीडिया सेल भी सक्रिय है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, आपत्तिजनक या संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक किसी भी तरह की संदिग्ध या भ्रामक सूचना सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एलआईयू की टीमें सादे कपड़ों में संवेदनशील क्षेत्रों में घूमकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।

होटल-सराय संचालकों को भी किया अलर्ट

पुलिस ने होटल, सराय और धर्मशालाओं के संचालकों एवं प्रबंधकों से संपर्क कर सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना पुलिस को देने को कहा गया है। यातायात पुलिस भी प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी कर रही है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

‘सुरक्षित और शांतिपूर्ण होंगे सभी कार्यक्रम’

पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने कहा कि 15 अगस्त के सभी कार्यक्रमों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित समाचार