Shravasti News : जलभराव से नाराज किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ किया प्रदर्शन, बौद्ध परिपथ आधे घंटे तक जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

एक सप्ताह पहले की थी शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई

श्रावस्ती के गिलौला क्षेत्र में सड़क पर जलभराव की समस्या से नाराज किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ ब्लॉक का घेराव किया और बौद्ध परिपथ जाम कर दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

गिलौला(श्रावस्ती), अमृत विचार: गिलौला के घोरमा परसिया गांव में सड़क पर जलभराव की समस्या को लेकर शुक्रवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। समस्या का समाधान नह होने से नाराज किसानों ने आधा दर्जन ट्रैक्टरों के साथ गिलौला ब्लॉक का घेराव किया। बाद में बौद्ध परिपथ जाम कर दिया। इसके चलते करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

प्रदर्शनकारी किसानों का आरोप था कि घोरमा परसिया गांव में सड़क पर जलभराव के कारण ग्रामीणों सहित छात्रों को परेशानी होती है। बरसात  में स्थिति और गंभीर हो जाती है। समस्या के समाधान के लिए एक सप्ताह पूर्व संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। नाराज किसान शुक्रवार ट्रैक्टरों के साथ गिलौला ब्लॉक पहुंचे और अपनी समस्या को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बाद में अधिकारियों के मौके पर न पहुंचने पर किसानों का गुस्सा और बढ़ गया और उन्होंने बौद्ध परिपथ जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे गिलौला थाना प्रभारी आशीष कुमार ने किसानों से वार्ताकर उन्हें शांत कराया। इसके बाद बीडीओ, नायब तहसीलदार व पुलिस अधिकारियों ने समस्या के समाधान का आश्वासन देकर करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त कराया।

संबंधित समाचार