Ambedkar Nagar News : गोविंद साहब से CM योगी का विपक्ष पर प्रहार, कहा- यूपी अब दंगा और माफिया मुक्त

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

सीएम योगी ने 706.81 करोड़ की 194 परियोजनाओं का किया लोकार्पण

अंबेडकरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 706.81 करोड़ रुपये की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा में सपा पर हमला बोलते हुए कानून व्यवस्था, भर्ती और विकास को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

अंबेडकरनगर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को आलापुर तहसील के विकासखंड रामनगर स्थित गोविंद साहब मेला परिसर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले गोविंद साहब मठ में पूजा-अर्चना की। इसके बाद जनसभा स्थल पर पहुंचे, जहां अवध के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव, पूर्व सांसद रितेश पांडेय समेत जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को त्रिशूल भेंट किया गया।

मुख्यमंत्री ने 706.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा स्वास्थ्य योजना से लाभान्वित दो बच्चों को प्रतीकात्मक सहायता चेक और चॉकलेट प्रदान की। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद, कानून व्यवस्था, सरकारी भर्तियों और भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में योग्यता के बजाय भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार हावी था, जबकि वर्तमान सरकार पारदर्शी व्यवस्था के तहत युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार अब तक नौ लाख से अधिक युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया से सरकारी नौकरियां दे चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दंगाइयों और माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण मिलता था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त, कर्फ्यू मुक्त और माफिया मुक्त बन चुका है।

cats

उन्होंने कहा कि बालू, भू, वन और पशु माफिया पर प्रभावी कार्रवाई की गई है और अब कानून से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल ही स्थान है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने विधानसभा की कार्यवाही बाधित कर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय, कोटेदारों के इंसेंटिव, चौकीदारों के मानदेय में वृद्धि तथा संत रविदास, डॉ. भीमराव आंबेडकर और छत्रपति शाहूजी महाराज से जुड़े विकास प्रस्तावों पर चर्चा नहीं होने दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जन्म से मूक-बधिर बच्चों का आधुनिक चिकित्सा के माध्यम से इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने मंच पर ऐसे दो बच्चों को सम्मानित भी किया।

सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के विकास और धार्मिक स्थलों के सम्मान के लिए है प्रतिबद्ध : गोविंद साहब धाम का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कोई मुख्यमंत्री यहां नहीं आया था, जबकि उनकी सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के विकास और धार्मिक स्थलों के सम्मान के लिए समान रूप से प्रतिबद्ध है।

उन्होंने अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और विंध्याचल के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास और विरासत दोनों को आगे बढ़ाया जा रहा है। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर कई राजनीतिक टिप्पणियां करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार कानून व्यवस्था, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

सीएम योगी ने गोविंद साहब मेले को दिया राजकीय मेले का दर्जा

अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अंबेडकरनगर को बड़ी सौगात देते हुए गोविंद साहब मेले को राजकीय मेले का दर्जा देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री के इस ऐलान के साथ ही जनसभा स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। क्षेत्रवासियों ने इसे लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने और धार्मिक-पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मुखमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, धार्मिक स्थलों के संरक्षण और युवाओं, किसानों तथा गरीबों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास और विरासत दोनों को समान प्राथमिकता दे रही है।

cats

ओपी राजभर का सपा पर हमला, बोले- परिवारवाद से घिरा है पीडीए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोविंद साहब कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी के कथित सामाजिक समीकरण पर परिवारवाद हावी है।

राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी जिस पीडीए की बात करती है, वह केवल राजनीतिक नारा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पीडीए का वास्तविक स्वरूप समाज को जोड़ने वाला नहीं, बल्कि विभाजनकारी है। पेपर लीक और सरकारी भर्तियों के मुद्दे पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि आज सपा नेता दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक पेपर लीक का मुद्दा उठा रहे हैं, जबकि उनके शासनकाल में परीक्षाओं में नकल आम बात थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रश्नपत्र खरीदने, घर ले जाकर परीक्षा लिखने और गांव-गांव नौकरी बेचने जैसी शिकायतें सामने आती थीं।

राजभर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने बिना किसी रिश्वत और बिना भेदभाव के करीब नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित है। उन्होंने मुख्यमंत्री के गोविंद साहब आगमन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अब तक कोई मुख्यमंत्री इस धार्मिक स्थल पर नहीं आया था। योगी आदित्यनाथ के आगमन से गोविंद साहब के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ा है और इससे क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

संबंधित समाचार