Barabanki News : जर्जर सड़क से नाराज ग्रामीणों का प्रदर्शन, बोले- सड़क नहीं तो वोट नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

हड़रा- मरकामऊ संपर्क मार्ग के निर्माण की मांग, चुनाव से पहले सड़क नहीं बनी तो मतदान बहिष्कार की चेतावनी

बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में लहड़रा- मरकामऊ संपर्क मार्ग की बदहाली से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। 'रोड नहीं तो वोट नहीं' के नारे लगाए और चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी।

रामनगर, बाराबंकी: अमृत विचार। विकासखंड की ग्राम पंचायत लहड़रा से मरकामऊ को जोड़ने वाला करीब एक किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग वर्षों से जर्जर होने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बदहाल सड़क पर एकत्र होकर रोड नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाए और विधानसभा चुनाव से पहले सड़क निर्माण न होने पर मतदान के बहिष्कार की चेतावनी दी।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर गहरे गड्ढों, कीचड़ और जलभराव के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। बारिश और बाढ़ के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। ग्राम प्रधान राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि समाजवादी सरकार के समय सड़क के डामरीकरण की स्वीकृति मिली थी और रोड़े भी डाले गए, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क के लिए धनराशि स्वीकृत होने के बावजूद विकास केवल कागजों तक सीमित रहा। प्रदर्शन में बूथ अध्यक्ष रामकुमार तिवारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुखराज सिंह, शिवम सिंह, महेश कुमार, अंकज दीक्षित, हरिश्चंद्र पांडेय, रूपनारायण लोधी, भानु प्रसाद, दिलेराम, मनोज अवस्थी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अजीत पटेल ने बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

संबंधित समाचार