Kanpur News : अधूरी तैयारी के साथ पहुंचे अधिकारी, नाराज महापौर प्रमिला पांडेय ने स्थगित की बैठक

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

पिछली बैठक के दस्तावेज भी नहीं दिखा सके अधिकारी

Kanpur News: नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में अधूरी तैयारी के साथ पहुंचे अधिकारियों पर महापौर प्रमिला पांडेय भड़क गईं। सवालों के जवाब न मिलने पर बैठक 20 मिनट में स्थगित कर दी।

कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित कार्यकारिणी की बैठक अधिकारियों की अधूरी तैयारी के कारण हंगामेदार रही। महापौर प्रमिला पांडेय ने जब विभिन्न विभागों से विकास कार्यों और बजट से जुड़ी फाइलों की जानकारी मांगी तो अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इससे नाराज महापौर ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए करीब 20 मिनट में ही बैठक स्थगित कर दी और अगली बैठक में पूरी तैयारी के साथ आने के निर्देश दिए।

पिछली बैठक के दस्तावेज भी नहीं दिखा सके अधिकारी

नगर निगम मुख्यालय में सप्ताहभर के भीतर दूसरी बार कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई थी। दोपहर करीब 2:15 बजे शुरू हुई बैठक में महापौर ने अभियंत्रण विभाग से पिछली बैठक के दस्तावेज और उस पर हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी। हालांकि अधिकारी निर्धारित फाइलों की बजाय 15वें वित्त आयोग और अन्य मदों से कराए गए कार्यों की सूची प्रस्तुत करने लगे। इस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब पिछली बैठक के अभिलेख मांगे जा रहे हैं तो दूसरे दस्तावेज क्यों दिखाए जा रहे हैं।

बजट और विकास कार्यों पर नहीं दे सके जवाब

महापौर ने नगर निगम निधि से वार्डों में कराए गए विकास कार्यों, बजट और कमिटमेंट सील से संबंधित फाइलों की जानकारी भी मांगी। इस दौरान अधिकारी एक-दूसरे की ओर देखते रहे और कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। उन्होंने सामान्य जानकारी देकर बात टालने की कोशिश की, जिस पर महापौर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यदि सभी निर्णय अधिकारी अपनी मर्जी से ही लेंगे तो फिर कार्यकारिणी और सदन की बैठकों का औचित्य क्या रह जाता है।

बैठक छोड़ गेस्ट हाउस चली गईं महापौर

अधिकारियों की कार्यशैली से नाराज महापौर प्रमिला पांडेय बैठक स्थगित करने के बाद सीधे नगर निगम मुख्यालय परिसर स्थित गेस्ट हाउस चली गईं। इसके बाद अधिकारी और पार्षद भी बैठक स्थल से लौट गए। गौरतलब है कि 5 अगस्त को हुई पिछली कार्यकारिणी बैठक भी करीब 35 मिनट में समाप्त हो गई थी।

निर्वाचित सदस्यों के चुनाव को जल्द होगा सदन 

नगर निगम कार्यकारिणी के सदस्य वार्ड-78 के यशपाल सिंह, वार्ड-30 के पवन पांडे, वार्ड-21 के धीरेंद्र सोनकर, वार्ड-36 की मंजू पाल, वार्ड -32 के आकर्ष बाजपेई और वार्ड-103 के फैजान रहमान का कार्यकाल 13 अगस्त को पूरा होने वाला है। ऐसे में नई कार्यकारिणी का चुनाव भी होना है। पांच अगस्त को हुई बैठक में पार्षद यशपाल सिंह के निधन के बाद खाली हुए उपसभापति पद पर अभिनव शुक्ला का चयन हो चुका है। महापौर के मुताबिक कार्यकारिणी के निर्वाचित सदस्यों के चुनाव के लिए जल्द ही सदन बुलाया जाएगा। 

नगर आयुक्त के मुताबिक सभी फाइल दी गई 

महापौर के मुताबिक सभी 110 वार्डों के नगर निगम निधि से हुए विकास कार्यों और बिना बजट, कमिटमेंट की सील स्वीकृत की गई फाइलों की जानकारी तक अधिकारी नहीं दे सके, इसलिए बैठक बीच में ही स्थगित करनी पड़ी। अधिकारी समय पर कार्य नहीं कर रहे हैं। हालांकि, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय का कहना है कि विकास कार्यों से संबंधित जो भी फाइलें मांगी गई, वह सभी दी गई हैं। बजट और कमिटमेंट सील की दो साल पुरानी फाइलें मांगी जा रही है, ऐसे में  एक-एक फाइल को पूरी करने में समय लग रहा है, इसलिए देरी हो रही है।

यह भी पढ़ें:-Kanpur News : बगिया क्रॉसिंग सड़क निर्माण में देरी पर भड़के नगर आयुक्त, ठेकेदार को लगाई फटकार

 

संबंधित समाचार