Ballia News : BSP विधायक उमाशंकर सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई, पुत्र प्रिंस यूकेश सिंह ने दी मुखाग्नि

Ballia News: बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का बलिया में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में विभिन्न दलों के नेता, कार्यकर्ता और हजारों लोग शामिल हुए।

बलिया। उत्तर प्रदेश विधानसभा में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का शुक्रवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। खराब मौसम और हल्की बारिश के बावजूद अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

पैतृक गांव से निकली अंतिम यात्रा

दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार रात निधन के बाद उमाशंकर सिंह का पार्थिव शरीर गुरुवार देर रात बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव खनवर लाया गया। शुक्रवार को यहां से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।

रामपुर घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

अंतिम यात्रा जिला मुख्यालय के निकट स्थित श्री रामपुर घाट पहुंची, जहां गंगा तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र प्रिंस यूकेश सिंह ने मुखाग्नि दी। इस दौरान पुलिस ने राजकीय सम्मान की औपचारिकताएं पूरी कीं।

कई दलों के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, सुभासपा विधायक हंसू राम, पूर्व मंत्री नारद राय, भाजपा के जिला अध्यक्ष संजय मिश्र समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, जो उमाशंकर सिंह के समधी भी हैं, अंतिम संस्कार में मौजूद रहे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

संबंधित समाचार