Kanpur News : बगिया क्रॉसिंग सड़क निर्माण में देरी पर भड़के नगर आयुक्त, ठेकेदार को लगाई फटकार
पोल शिफ्ट न होने से बगिया क्रॉसिंग रोड निर्माण में हो रही देरी, नगर आयुक्त को सीएम ग्रिड से बन रही सड़क में मिली कई खामियां
Kanpur News: बगिया क्रॉसिंग सड़क निर्माण में देरी और अव्यवस्थाओं पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने निरीक्षण कर ठेकेदार को फटकार लगाई। खुले मैनहोल, जलभराव और मिट्टी हटाने के निर्देश दिए।
कानपुर, अमृत विचार। सीएम ग्रिड योजना के तहत बगिया क्रासिंग सड़क का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन कब तक बनकर तैयार होगी, इसकी सटीक जानकारी नहीं है। क्योंकि 30 जून तक सड़क की एक लेन चालू होने का दावा किया जा रहा था, लेकिन अभी तक यह लेन आधी भी चालू नहीं हो सकी है।
बारिश में इस मार्ग पर चलना खतरे से कम नहीं है। मार्ग में मेनहोल भी खुला है और मिट्टी के ढेर लगे है। वहीं, केस्को द्वारा अभी तक बिजली के सभी पोल शिफ्ट नहीं किए गए हैं। लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शुक्रवार को निरीक्षण किया।
नगर आयुक्त को मार्ग के दोनों ओर कई जगहों पर मिट्टी के ढेर लगे मिले, जिससे न सिर्फ लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा था, बल्कि दुर्घटना की संभावना भी बनी हुई है। इसपर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को तत्काल मौके पर बुलाकर कड़ी फटकार लगाई और मार्ग के किनारे जमा मिट्टी को तत्काल हटाकर कार्य की जीपीएस युक्त फोटो भेजने के निर्देश दिए।
बारिश के मौसम में मार्ग के किनारे एक मैनहोल खुला मिलने पर गंभीर नाराजगी जताते हुए तत्काल बैरिकेडिंग कर सुरक्षित किए जाने व मैनहोल को शीघ्र कवर कराने के निर्देश दिए। कहा कि वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति में खुले मैनहोल से किसी भी अप्रिय दुर्घटना की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इस प्रकार की लापरवाही किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं होगी। जिन स्थानों पर वर्षा का पानी भरा है, वहां तत्काल मोटर पंप या सक्शन पंप लगाकर जल निकासी की जाए।
साथ ही मार्ग पर स्थित बड़े-बड़े गड्ढों में जीएसबी डालकर समतलीकरण कराया जाए, जिससे आमजन का आवागमन निर्बाध रूप से संचालित हो सके। मुख्य अभियंता एसएफ जैदी ने बताया कि केस्को विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक शटडाउन प्राप्त करने की कार्यवाही की जा रही है। पोल शिफ्टिंग का कार्य पूरा होने के बाद ड्रेनेज निर्माण व मार्ग सुधारीकरण का कार्य तीव्र गति से कराया जाएगा।
सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे किए जाए
नगर आयुक्त ने सीएम मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता व निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा की। मुख्य अभियंता व संबंधित अधिशासी अभियंता को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराए जाने और किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं, मुख्य मार्ग केशवपुरम डबल रोड के किनारे कच्ची नाली में अत्यधिक गंदगी व कूड़ा जमा मिला। ग्रीन बेल्ट के किनारे विभिन्न स्थानों पर कूड़ा-करकट जमा मिलने पर सफाई अभियान चलाकर क्षेत्र को स्वच्छ कराने व नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
