Pilibhit News : वृद्धा की हत्या कर शव जलाया, राख के ढेर में निकली हड्डी और चूड़ियां

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बेटे ने बहनोई के खिलाफ दर्ज कराई नामजद एफआईआर, अमरिया पुलिस मामले की जांच में जुटी, आरोपी हिरासत में

पीलीभीत के जिठनिया गांव में एक 65 वर्षीय महिला की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को भूसे के बूंगे में जला दिया गया। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बहनोई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

अमरिया, अमृत विचार। गांव के बाहर भूसे के जले हुए बूंगे की राख में हड्डियां और चूड़ियां मिलने से सनसनी फैल गई। एक ग्रामीण ने जली हुई हड्डियों और चूड़ियों को अपनी लापता मां का होने का दावा किया।  उसने अपने बहनोई पर मां की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव जलाने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर अमरिया पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 

घटना अमरिया थाना क्षेत्र के गांव जिठनिया की है। गांव निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी 65 वर्षीय मां मोहनदेई गांव के बाहर कब्रिस्तान के पास स्थित मकान में रहती थीं। 31 जुलाई को उसका बहनोई महेंद्रपाल निवासी ग्राम हरहरपुर धुरा उसकी मां के पास आया था। आरोप है कि महेंद्रपाल उसकी मां से अक्सर नाराज रहता था। उसकी मां अपनी बेटी मीना कुमारी को भी अपने पास रहने के लिए बुला लेती थीं। इसी बात को लेकर महेंद्रपाल काफी नाराज रहता था। 31 जुलाई की रात महेंद्रपाल ने मौका पाकर मोहनदेई की हत्या कर दी और घटना का पता न चले, इसके लिए शव को गांव के बाहर भूसे के बूंगे में ले जाकर जला दिया। इसके बाद से मोहनदेई का कोई पता नहीं चला। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

छह अगस्त को सुरेश गांव के कुछ लोगों के साथ जले हुए बूंगे के पास पहुंचा। वहां राख को हटाकर देखा तो जली हुई हड्डियां और चूड़ियां मिलीं। सुरेश ने इन्हें अपनी मां का बताते हुए बहनोई पर हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने सुरेश की तहरीर के आधार पर महेंद्रपाल के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले की छानबीन के साथ ही घटनास्थल से मिले अवशेषों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। 

ये भी पढ़ें - Bareilly News : उर्से रजवी के मंच से एलान, धरना-प्रदर्शनों से दूर रहें मुसलमान

संबंधित समाचार