Korea Masters सेमीफाइनल में भारत की बेटियों का मुकाबला, बड़े उलटफेर के बाद अश्मिता-रक्षिता आमने-सामने
दक्षिण कोरिया। कोरिया मास्टर्स सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिला एकल वर्ग में भारत की अश्मिता चालिहा और रक्षिता रामराज ने शुक्रवार को अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। अब खिताबी दौड़ में आगे बढ़ने के लिए दोनों भारतीय खिलाड़ी आमने-सामने होंगी।
250,000 अमेरिकी डॉलर इनामी इस टूर्नामेंट में विश्व रैंकिंग में 50वें स्थान पर काबिज अश्मिता चालिहा ने बड़ा उलटफेर करते हुए जापान की शीर्ष वरीय हिना अकेची को तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 20-22, 21-15, 21-19 से शिकस्त दी। हिना विश्व रैंकिंग में 22वें स्थान पर हैं। इस जीत के साथ अश्मिता ने पिछले साल मलेशिया सुपर 100 में मिली हार का बदला भी चुका लिया।
अश्मिता ने दबाव में दिखाया दम
पहले गेम में हिना ने बढ़त बनाते हुए अश्मिता पर दबाव बनाए रखा और 22-20 से गेम अपने नाम किया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने शानदार वापसी की। दूसरे गेम में अश्मिता ने लगातार अंक जुटाते हुए 21-15 से जीत हासिल की और मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचाया। तीसरे गेम में अश्मिता ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और 9-3 की बढ़त बनाई। हालांकि हिना ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य बनाए रखते हुए 21-19 से गेम जीतकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
रक्षिता ने तन्वी को हराकर किया उलटफेर
दूसरे क्वार्टर फाइनल में रक्षिता रामराज ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी वरीयता प्राप्त और हमवतन तन्वी शर्मा को 18-21, 21-19, 21-18 से हराया। एक घंटे से ज्यादा चले इस मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। पहला गेम गंवाने के बाद रक्षिता ने वापसी करते हुए दूसरा गेम अपने नाम किया। निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन अंतिम क्षणों में तन्वी की गलतियों का फायदा उठाकर रक्षिता ने जीत दर्ज कर ली।
पुरुष युगल में भारतीय जोड़ी बाहर
वहीं पुरुष युगल वर्ग में भारत की कृष्णा प्रसाद गरागा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को मलेशिया के मान वेई चोंग और सोह वूई यिक ने 21-7, 21-8 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। अब महिला एकल सेमीफाइनल में अश्मिता चालिहा और रक्षिता रामराज के बीच भारतीय मुकाबला देखने को मिलेगा, जहां दोनों खिलाड़ी फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत लगाएंगी।
