Stock market closed : शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स 456 अंक लुढ़का; निफ्टी भी लाल निशान में बंद
मुंबई। विदेशी बाजारों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 455.59 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78,499.17 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स साढ़े तीन महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 भी 65.35 अंक यानी 0.27 प्रतिशत गिरकर 24,570.65 अंक पर बंद हुआ।
ऑटो और आईटी शेयरों में तेजी
बाजार में गिरावट के बावजूद कुछ सेक्टरों में मजबूती देखने को मिली। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 1.84 प्रतिशत, निफ्टी आईटी 1.42 प्रतिशत और निफ्टी मेटल इंडेक्स 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन क्षेत्र के शेयरों में दबाव रहा।
बजाज फाइनेंस समेत कई बड़े शेयरों में गिरावट
सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस का शेयर करीब 6 प्रतिशत गिर गया, जबकि बजाज फिनसर्व में 4 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक और ट्रेंट के शेयरों में करीब 3.5 से 4 प्रतिशत तक की गिरावट रही। एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, टाइटन, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, अडानी पोर्ट्स और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी नुकसान में रहे।
टीसीएस और महिंद्रा एंड महिंद्रा में बढ़त
दूसरी ओर, टीसीएस का शेयर सबसे ज्यादा करीब 3.5 प्रतिशत चढ़ा। महिंद्रा एंड महिंद्रा में ढाई प्रतिशत और भारतीय स्टेट बैंक में करीब 1 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा टेक महिंद्रा, बीईएल, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंडिगो, मारुति सुजुकी और पावरग्रिड के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए। वृहद बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 इंडेक्स 0.26 प्रतिशत मजबूत हुआ, जबकि स्मॉलकैप-100 इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ।
ये भी पढ़े :
Stock market closed : सेंसेक्स 374 अंक चढ़ा, रिलायंस और SBI ने संभाली बाजार की कमान; निफ्टी मामूली बढ़त के साथ बंद
